सेवा सेतु पोर्टल से घर बैठे मिला विवाह पंजीयन प्रमाण पत्र, रजनी और रितिकरोशन ने साझा किया अनुभव
ऑनलाइन प्रक्रिया से आसान हुआ विवाह पंजीयन, डिजिटल प्रमाण पत्र ने बचाया समय और भागदौड़
रायपुर । छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन पहल सेवा सेतु पोर्टल नागरिकों को शासकीय सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध ढंग से उपलब्ध कराने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। पोर्टल के माध्यम से अब विवाह पंजीयन सहित 441 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध हैं, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के नागरिकों को कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम झिलमिली निवासी श्रीमती रजनी डहरिया एवं रितिकरोशन डहरिया ने सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अपने विवाह का सफलतापूर्वक ऑनलाइन पंजीयन कराया। विवाह उपरांत विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए विवाह प्रमाण पत्र की आवश्यकता होने पर उन्हें ग्राम पंचायत में आयोजित जागरूकता शिविर के दौरान सेवा सेतु पोर्टल की जानकारी मिली।

इसके बाद उन्होंने पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। निर्धारित प्रक्रिया पूरी होने पर उनका विवाह पंजीयन स्वीकृत हो गया और विवाह प्रमाण पत्र की डिजिटल प्रति सीधे उनके मोबाइल पर उपलब्ध हो गई। साथ ही प्रमाण पत्र की प्रति भी उन्हें प्रदान की गई। पूरी प्रक्रिया बिना किसी अनावश्यक भागदौड़ के समयबद्ध तरीके से संपन्न हुई।
अपने अनुभव साझा करते हुए श्रीमती रजनी डहरिया ने बताया कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से विवाह पंजीयन की प्रक्रिया अत्यंत सरल और सुविधाजनक रही। ऑनलाइन व्यवस्था के कारण उन्हें किसी कार्यालय के बार-बार चक्कर नहीं लगाने पड़े और घर बैठे ही विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त हो गया। उन्होंने कहा कि यह सुविधा विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों के लिए अत्यंत उपयोगी है तथा सभी पात्र लोगों को इसका लाभ अवश्य उठाना चाहिए।
सेवा सेतु पोर्टल छत्तीसगढ़ शासन की डिजिटल सुशासन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो शासकीय सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाते हुए लोगों तक समयबद्ध तरीके से सुविधाएं पहुंचा रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
