सेवा सेतु से बदली सरकारी सेवाओं की तस्वीर
घर बैठे मिल रहे जाति, निवास और अन्य प्रमाण पत्र, 29 हजार से अधिक आवेदनों का समयबद्ध निराकरण
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की डिजिटल सुशासन पहल से ग्रामीण नागरिकों को मिली बड़ी राहत

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में डिजिटल सुशासन को मजबूत बनाने की दिशा में शुरू किया गया सेवा सेतु पोर्टल अब आम नागरिकों के लिए भरोसेमंद और सुविधाजनक माध्यम बनकर उभर रहा है। इस पहल के माध्यम से प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में रहने वाले नागरिक अब घर बैठे विभिन्न शासकीय सेवाओं का लाभ सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से प्राप्त कर रहे हैं।

बलरामपुर जिले के विकासखंड राजपुर अंतर्गत ग्राम पतरापारा निवासी विजयनाथ को अपने आवश्यक कार्य के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता थी। पहले ऐसे प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें कई बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते थे, जिससे समय और धन दोनों का अतिरिक्त व्यय होता था। सेवा सेतु केंद्र की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने अपने मोबाइल से ऑनलाइन आवेदन किया और निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका आवेदन स्वीकृत हो गया। डिजिटल रूप से सत्यापित प्रमाण पत्र डाउनलोड के लिए उपलब्ध होने से उन्हें कार्यालय जाने की आवश्यकता नहीं पड़ी।
विजयनाथ ने बताया कि रियल-टाइम ट्रैकिंग सुविधा के कारण आवेदन की स्थिति लगातार मोबाइल पर दिखाई देती रही, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और भरोसेमंद लगी। उन्होंने कहा कि अब आवेदन से लेकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने तक की पूरी प्रक्रिया मोबाइल से ही पूरी हो जाती है, जिससे समय, पैसा और मेहनत तीनों की बचत हुई है।
कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में बलरामपुर जिले में अप्रैल 2026 से अब तक 30,509 आवेदन सेवा सेतु पोर्टल पर प्राप्त हुए हैं। इनमें से 29,063 आवेदनों का समयबद्ध निराकरण कर नागरिकों को घर बैठे सेवाएं उपलब्ध कराई गई हैं। शेष आवेदन आवश्यक दस्तावेजों की कमी अथवा नियमानुसार अपूर्ण पाए जाने के कारण प्रक्रियाधीन हैं।
सेवा सेतु पोर्टल ने शासकीय सेवाओं की पहुंच को भी व्यापक बनाया है। पहले ई-डिस्ट्रिक्ट प्लेटफॉर्म पर केवल 86 सेवाएं उपलब्ध थीं, जबकि अब 441 से अधिक शासकीय सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। इनमें 54 नई सेवाएं सीधे पोर्टल पर जोड़ी गई हैं तथा 329 री-डायरेक्ट सेवाओं का एकीकरण किया गया है। वर्तमान में 30 से अधिक शासकीय विभाग इस प्लेटफॉर्म से जुड़े हुए हैं, जिससे नागरिकों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं का लाभ मिल रहा है।
प्रदेश सरकार की यह पहल डिजिटल सुशासन, पारदर्शिता, समयबद्ध सेवा वितरण और जनसुविधा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। विशेष रूप से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक अब तकनीक की सहायता से बिना किसी परेशानी के प्रमाण पत्र, पंजीयन, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य आवश्यक शासकीय सेवाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर रहे हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
