सामाजिक सुरक्षा पेंशन के लिए घर-घर पहुंच रही टीम, दूरस्थ वनांचल तक पहुंचा सत्यापन अभियान

0
IMG-20260730-WA1183

पात्र हितग्राहियों की सूची का हो रहा भौतिक सत्यापन, कोई भी जरूरतमंद योजना के लाभ से न रहे वंचित

रायपुर । सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक समय पर और बिना किसी बाधा के पहुंचे, इसके लिए जिले में व्यापक स्तर पर डोर-टू-डोर सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। समाज कल्याण विभाग की टीमें दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों तक पहुंचकर वृद्धजन, निराश्रित विधवाओं, दिव्यांगजनों तथा अन्य पेंशन हितग्राहियों का भौतिक सत्यापन कर रही हैं। इस अभियान का उद्देश्य पात्र हितग्राहियों की पहचान सुनिश्चित करना, लंबित मामलों का निराकरण करना तथा किसी भी पात्र व्यक्ति को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने देना है।

दूरस्थ गांवों में घर-घर पहुंचकर किया जा रहा सत्यापन

इसी क्रम में बलरामपुर जिले के ग्राम पंचायत गोपातू और जमीरापाट में समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने घर-घर पहुंचकर हितग्राहियों की पात्रता, पेंशन प्राप्ति की स्थिति तथा आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया।

दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों और वनांचल क्षेत्र की चुनौतियों के बावजूद विभागीय टीम ने प्रत्येक हितग्राही से सीधे संपर्क कर उनके दस्तावेजों और जानकारी का मिलान किया। इससे यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सभी पात्र लोगों को नियमित रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन का लाभ मिलता रहे।

NTPC World Environment Day

घर पहुंची प्रशासनिक टीम से हितग्राहियों को मिली राहत

ग्राम जमीरापाट की सुंदरी नगेशिया तथा ग्राम गोपातू की मुली नगेशिया ने बताया कि उनका गांव दूरस्थ वनांचल क्षेत्र में स्थित है। उन्हें आशंका थी कि सत्यापन के लिए विभागीय कार्यालय जाना पड़ेगा, जिससे उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ सकता था।

उन्होंने बताया कि प्रशासनिक टीम स्वयं उनके घर पहुंची और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया। इससे उन्हें काफी सुविधा मिली और यह विश्वास भी मजबूत हुआ कि उनकी सामाजिक सुरक्षा पेंशन नियमित रूप से मिलती रहेगी।

पात्रता सुनिश्चित करने के साथ छूटे हितग्राहियों की भी हो रही पहचान

सत्यापन अभियान के दौरान अधिकारियों द्वारा वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित विधवा पेंशन, दिव्यांग पेंशन तथा अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से जुड़े हितग्राहियों के दस्तावेजों का विस्तृत परीक्षण किया जा रहा है।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्रता की पुष्टि करना, लंबित प्रकरणों की पहचान करना तथा ऐसे पात्र व्यक्तियों को योजनाओं से जोड़ना है, जो अब तक किसी कारणवश लाभ से वंचित रह गए हैं।

अंतिम व्यक्ति तक योजना का लाभ पहुंचाने की पहल

समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। घर-घर पहुंचकर किए जा रहे भौतिक सत्यापन से न केवल पात्र हितग्राहियों की जानकारी अद्यतन हो रही है, बल्कि दूरस्थ और वनांचल क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का प्रशासन पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।

इस अभियान के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं का लाभ पारदर्शी, नियमित और समयबद्ध तरीके से प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!