आधार सेवा केंद्र बना आयते के जीवन में उम्मीद की नई किरण
वर्षों पुरानी आधार समस्या का हुआ समाधान, अब मिल सकेगा पेंशन, राशन सहित शासकीय योजनाओं का लाभ
रायपुर । नागरिकों को आधार संबंधी सेवाएं सरल, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के आधार सेवा केंद्र आम लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रहे हैं। एक ही स्थान पर आधार से जुड़ी विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होने से लोगों की वर्षों पुरानी समस्याओं का भी त्वरित समाधान हो रहा है। दंतेवाड़ा जिले के ग्राम तोयलंका निवासी आयते के लिए आधार सेवा केंद्र किसी नई उम्मीद से कम साबित नहीं हुआ, जहां उनकी लंबे समय से चली आ रही आधार संबंधी समस्या का समाधान संभव हो सका।
आधार निष्क्रिय होने से योजनाओं का लाभ लेने में हो रही थी परेशानी
आयते का आधार कार्ड कई वर्षों से निष्क्रिय था। इसके कारण उन्हें पेंशन, राशन तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में लगातार कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने कई बार समस्या का समाधान कराने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिणामस्वरूप वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रही थीं और काफी परेशान थीं।

आधार सेवा केंद्र में मिला समाधान
एक दिन गांव के लोगों से उन्हें जानकारी मिली कि जिला कलेक्ट्रेट परिसर में आधार सेवा केंद्र संचालित किया जा रहा है, जहां आधार से संबंधित समस्याओं का समाधान किया जाता है। जानकारी मिलते ही वे आधार सेवा केंद्र पहुंचीं और वहां मौजूद कर्मचारियों को अपनी समस्या बताई।

जांच के दौरान पता चला कि लंबे समय से ई-केवाईसी (e-KYC) नहीं होने के कारण उनका आधार कार्ड निष्क्रिय हो गया था। आधार सेवा केंद्र के कर्मचारियों ने आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया और ई-केवाईसी की प्रक्रिया पूरी कर उनका आधार कार्ड पुनः सक्रिय कर दिया। पूरी प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और निर्धारित समय में पूरी की गई।
अब मिलेगा पेंशन, राशन और अन्य योजनाओं का लाभ
आधार कार्ड पुनः सक्रिय होने के बाद अब आयते को पेंशन, राशन तथा अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं रहेगी। वर्षों से चली आ रही समस्या के समाधान से वे बेहद प्रसन्न हैं और अब शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आसानी से प्राप्त कर सकेंगी।
जिला प्रशासन और आधार सेवा केंद्र के प्रति जताया आभार
आयते ने जिला प्रशासन तथा आधार सेवा केंद्र के कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस सुविधा के कारण उनकी वर्षों पुरानी बड़ी परेशानी दूर हो गई है। अब उन्हें आधार संबंधी किसी समस्या के कारण सरकारी योजनाओं से वंचित नहीं होना पड़ेगा।
यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिकों तक शासकीय सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी तरीके से पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। आधार सेवा केंद्रों के माध्यम से लोगों को समय पर समाधान मिलने से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंच रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
