बीएसयूपी कॉलोनियों में तड़के चला पुलिस का सघन सत्यापन अभियान, 8 संदिग्ध हिरासत में

0
IMG-20260731-WA0679

350 मकानों की जांच, 80 से अधिक पुलिस अधिकारी-जवान रहे शामिल, आठ माह से फरार आरोपी भी गिरफ्तार

रायपुर । अपराधों की रोकथाम, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के मध्य जोन द्वारा शुक्रवार तड़के बीएसयूपी कॉलोनियों में विशेष चेकिंग एवं सत्यापन अभियान चलाया गया। लगभग साढ़े चार घंटे तक चले इस अभियान में 350 से अधिक मकानों की सघन जांच की गई। कार्रवाई के दौरान आठ संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की गई, जिनमें मारपीट के एक मामले में पिछले आठ माह से फरार चल रहा आरोपी भी शामिल है। सभी संदिग्धों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त (सिविल लाइन) रमाकांत साहू के नेतृत्व में यह अभियान सुबह 4:30 बजे से 9 बजे तक थाना तेलीबांधा क्षेत्र के बीएसयूपी लाभांडी, बीएसयूपी तेलीबांधा (मरीन ड्राइव) तथा देवार डेरा क्षेत्र में चलाया गया। अभियान में थाना तेलीबांधा पुलिस और पुलिस लाइन के 80 से अधिक अधिकारी एवं जवान शामिल रहे।

किरायेदारों और बाहरी लोगों का किया गया सत्यापन

पुलिस टीम ने अभियान के दौरान बिना पुलिस सत्यापन के रह रहे किरायेदारों, ऐसे मकान मालिकों जिन्होंने किरायेदारों का सत्यापन नहीं कराया था तथा क्षेत्र में मौजूद संदिग्ध बाहरी व्यक्तियों का गहन सत्यापन किया। इस दौरान आठ संदिग्ध व्यक्ति मिले। इनमें मारपीट के मामले में पिछले आठ माह से फरार चल रहा एक आरोपी भी गिरफ्तार किया गया। अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

NTPC World Environment Day

नागरिकों को किया गया जागरूक

अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उन्हें “समाधान” मोबाइल ऐप की जानकारी दी। साथ ही लोगों से अपने यहां किरायेदार रखने से पहले अनिवार्य रूप से पुलिस सत्यापन कराने, संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग करने की अपील की।

रायपुर पुलिस की अपील

रायपुर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने मकान में किसी भी किरायेदार को रखने से पहले उसका पुलिस सत्यापन अवश्य कराएं। यदि आसपास किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल निकटतम पुलिस थाना या डायल 112 पर दें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराध नियंत्रण और सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए ऐसे विशेष सत्यापन एवं चेकिंग अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!