मुंगेली के नेवासपुर स्कूल की बदहाल व्यवस्था पर कांग्रेस का हमला, सोशल मीडिया पर वीडियो साझा कर सरकार को घेरा
मुंगेली । जिले के नेवासपुर स्थित एक शासकीय स्कूल की बदहाल व्यवस्था को लेकर सियासत तेज हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो और तस्वीरें साझा करते हुए राज्य सरकार पर शिक्षा व्यवस्था की अनदेखी का आरोप लगाया है। फेसबुक पोस्ट में दावा किया गया है कि स्कूल परिसर में बारिश के कारण भारी कीचड़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है, जिससे छात्र-छात्राओं को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
कांग्रेस ने अपनी पोस्ट में लिखा है कि “उपमुख्यमंत्री जी, आपका जिला ही आपकी सरकार की सच्चाई बता रहा है। मुंगेली के नेवासपुर में बच्चों का भविष्य बदहाल व्यवस्था की भेंट चढ़ रहा है और सरकार सिर्फ विकास के दावे कर रही है।” इसके साथ ही पोस्ट में यह भी कहा गया कि “मुंगेली के स्कूलों ने विकास की पोल खोल दी, वाह रे सरकार।”

सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में स्कूली छात्र-छात्राएं कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल परिसर से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। कांग्रेस का आरोप है कि बारिश के दौरान विद्यालय परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने से बच्चों को जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। पार्टी ने इसे प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का उदाहरण बताते हुए सरकार से तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने की मांग की है।

मिली जानकारी के अनुसार, इस मामले को लेकर स्थानीय स्तर पर भी स्कूल परिसर में जलभराव और कीचड़ की समस्या की चर्चा हो रही है। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन अथवा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। राज्य सरकार का स्कूल शिक्षा विभाग प्रदेश के शासकीय विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास का दावा करता रहा है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
