वन विभाग में बड़ा प्रशासनिक फैसला, ओ.पी. यादव बने छत्तीसगढ़ के प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक
रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग ने भारतीय वन सेवा (आईएफएस) के वरिष्ठ अधिकारी ओ.पी. यादव को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। राज्य शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार वर्ष 1995 बैच के आईएफएस अधिकारी ओ.पी. यादव को प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण)-सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, छत्तीसगढ़ के पद पर अस्थायी रूप से आगामी आदेश तक पदस्थ किया गया है।
वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग, मंत्रालय, महानदी भवन, नवा रायपुर अटल नगर से 1 अगस्त 2026 को जारी आदेश के अनुसार ओ.पी. यादव वर्तमान में अपर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं प्रभारी प्रधान मुख्य वन संरक्षक के रूप में कार्यरत थे। कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उन्हें प्रधान मुख्य वन संरक्षक के पद एवं वेतनमान एचएजी प्लस (लेवल-16, वेतन मैट्रिक्स ₹2,05,400 से ₹2,24,400) में पदोन्नत करते हुए नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जारी आदेश के मुताबिक ओ.पी. यादव अब प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव प्रबंधन एवं जैव विविधता संरक्षण)-सह-मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक, छत्तीसगढ़ के रूप में वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता संवर्धन तथा वन्यजीव प्रबंधन से जुड़े कार्यों का दायित्व संभालेंगे। यह पद राज्य के वन एवं वन्यजीव संरक्षण तंत्र का महत्वपूर्ण दायित्व माना जाता है।

आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यह पदस्थापना कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावशील होगी तथा आगामी आदेश जारी होने तक प्रभावी रहेगी। आदेश छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है, जिस पर वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के विशेष सचिव जे.पी. पाठक के डिजिटल हस्ताक्षर हैं।
वन विभाग के इस प्रशासनिक निर्णय को राज्य में वन संरक्षण, वन्यजीव प्रबंधन और जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि नए दायित्व के साथ वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी योजनाओं और परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को और गति मिलेगी।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
