सियानगुड़ी में वृद्धजनों का सम्मान, शॉल-श्रीफल भेंट कर लिया आशीर्वाद

0
IMG-20261001-WA1338

अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विशेष आयोजन, स्वास्थ्य व नेत्र जांच शिविर भी लगाया गया

वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर, उनका अनुभव नई पीढ़ी के लिए अनमोल विरासत : राजेश अग्रवाल

रायपुर । अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत अंबिकापुर के सियानगुड़ी में वृद्धजनों के सम्मान में विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने वृद्धजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया और उनका आशीर्वाद लिया। इस अवसर पर वृद्धजनों के स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण के लिए विशेष शिविर भी लगाया गया, जहां चिकित्सकीय दल ने बुजुर्गों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया।

बुजुर्गों का अनुभव नई पीढ़ी के लिए अनमोल विरासत

समारोह को संबोधित करते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। जीवन के लंबे अनुभव से अर्जित उनका ज्ञान और मार्गदर्शन समाज तथा नई पीढ़ी के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिवार में बुजुर्गों की मौजूदगी केवल संस्कारों और परंपराओं को एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि उनकी मौजूदगी परिवार को भावनात्मक रूप से भी मजबूत बनाती है।

उन्होंने कहा कि माता-पिता और बड़े-बुजुर्गों का सम्मान एवं उनकी सेवा हमारी संस्कृति और संस्कारों का अभिन्न हिस्सा है। वृद्धजनों की गरिमा और सम्मान बनाए रखना केवल परिवार की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। नई पीढ़ी को बुजुर्गों के अनुभवों से सीखना चाहिए और उनके प्रति संवेदनशीलता एवं आत्मीयता का भाव बनाए रखना चाहिए।

NTPC World Environment Day

सम्मान और सुरक्षा के साथ सुविधाएं मिलना जरूरी

राजेश अग्रवाल ने कहा कि वृद्धजनों के कल्याण के लिए शासन और विभिन्न संस्थाओं द्वारा अनेक योजनाएं एवं सुविधाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ पात्र वृद्धजनों तक पहुंचना जरूरी है। उन्होंने कहा कि वृद्धावस्था में बुजुर्गों को सम्मान, सुरक्षा और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता महत्वपूर्ण है।

उन्होंने लोगों से अपने माता-पिता और परिवार के बुजुर्गों की भावनाओं को समझने, उनके साथ समय बिताने और उनकी जरूरतों का ध्यान रखने का आग्रह किया।

गीत-नृत्य की प्रस्तुतियों ने बांधा समां

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी वृद्धजनों के प्रति सम्मान व्यक्त किया और उनके स्वस्थ, सुखी एवं सम्मानजनक जीवन की कामना की। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के आयोजन में बुजुर्गों का उत्साह भी देखते ही बना। कार्यक्रम के दौरान गीत एवं नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दी गईं, जिनका उपस्थित लोगों ने आनंद लिया।

इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक व्ही.के. उके ने विभाग द्वारा वृद्धजनों के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने पात्र वृद्धजनों से योजनाओं का लाभ लेने की अपील की।

स्वास्थ्य और नेत्र जांच शिविर में बुजुर्गों का परीक्षण

वृद्धजनों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। चिकित्सकीय दल ने बुजुर्गों के स्वास्थ्य की जांच करने के साथ आंखों से संबंधित समस्याओं का परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यक परामर्श भी दिया गया।

स्वास्थ्यकर्मियों ने वृद्धजनों को नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के महत्व की जानकारी देते हुए समय-समय पर चिकित्सकीय जांच कराने की सलाह दी। कार्यक्रम के माध्यम से बुजुर्गों के सम्मान के साथ उनके स्वास्थ्य और कल्याण को भी प्राथमिकता दी गई।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, जिला पंचायत अध्यक्ष निरुपा सिंह, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, नगर निगम आयुक्त विनय कुमार अग्रवाल, समाज कल्याण विभाग के उप संचालक व्ही.के. उके सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान वृद्धजनों के सम्मान और उनके अनुभवों को समाज की धरोहर के रूप में रेखांकित किया गया। समारोह ने नई पीढ़ी को बुजुर्गों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और पारिवारिक जिम्मेदारी का संदेश भी दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!