गांधी और शास्त्री जयंती पर राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित

0
IMG-20261002-WA1100

शिक्षा मंत्री श्री गजेन्द्र यादव ने पत्रिका ‘प्रयास’ और पुस्तक ‘तारुण्य वार्ता’ का किया विमोचन, वेबसाइट का भी किया लोकार्पण

रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा बलवीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम, बूढ़ापारा, रायपुर में राज्य स्तरीय सर्वधर्म प्रार्थना सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री एवं भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष श्री गजेन्द्र यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद एवं संस्था की प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने की। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री श्री यादव ने भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ की पत्रिका ‘प्रयास’ तथा भारत स्काउट्स एवं गाइड्स और यूनिसेफ द्वारा तैयार ‘तारुण्य वार्ता’ (मासिक धर्म पर खुलकर चर्चा) पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने संस्था की नवीन वेबसाइट का लोकार्पण भी किया। इस अवसर पर विभिन्न जिलों के स्काउट्स एवं गाइड्स को सम्मानित भी किया गया।

हम एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और सम्मान रखें शिक्षा मंत्री श्री यादव ने कहा कि महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के विचार तथा लाल बहादुर शास्त्री जी की सादगी और कर्तव्यनिष्ठा आज भी हमारा मार्गदर्शन करते हैं। सर्वधर्म प्रार्थना सभा हमें सभी आस्थाओं का सम्मान करने और समाज में प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स से जुड़े बच्चे और युवा सेवा, अनुशासन तथा सहयोग की भावना को अपने जीवन में अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान दे सकते हैं। हमारे देश की संस्कृति "सर्वधर्म समभाव" और सभी के मंगल की कामना पर आधारित है। सर्वधर्म प्रार्थना हमें यही संदेश देती है कि सभी सुखी हों, सभी का कल्याण हो और हम एक-दूसरे के प्रति प्रेम, सद्भाव और सम्मान रखें।

NTPC World Environment Day

स्काउट-गाइड हमें अनुशासन का संदेश देता है श्री यादव ने कहा कि स्काउट-गाइड का उद्देश्य केवल नियमों और प्रतिज्ञाओं को पढ़ना नहीं, बल्कि उन्हें अपने जीवन में उतारना है। हम स्वयं अनुशासित रहेंगे, तभी दूसरों को अनुशासन का संदेश दे पाएंगे। स्काउट-गाइड हमें प्रकृति से प्रेम करना और पशु-पक्षियों का मित्र बनना भी सिखाता है। इसलिए प्रत्येक स्काउट और गाइड अपने जीवन में कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसके संरक्षण की जिम्मेदारी भी निभाए। राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी शक्ति है। अलग-अलग आस्थाओं और परंपराओं के प्रति आदर ही सामाजिक सद्भाव और एकता का आधार है। उन्होंने बच्चों और युवाओं से गांधीजी एवं शास्त्रीजी के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। सर्वधर्म प्रार्थना सभा में महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों का स्मरण करते हुए शांति, प्रेम, भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया गया। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत सिंह खालसा ने सर्वधर्म समभाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य भंडारगृह निगम अध्यक्ष श्री चंदू लाल साहू, औद्योगिक विकास निगम अध्यक्ष श्री राजीव अग्रवाल, नागरिक आपूर्ति निगम अध्यक्ष श्री संजय श्रीवास्तव, राज्य बीज विकास निगम अध्यक्ष श्री चन्द्रहास चंद्राकर, राज्य केश शिल्पी बोर्ड अध्यक्ष श्री गौरी शंकर श्रीवास, विधायक श्री मोती लाल साहू सहित विभिन्न निगम-मंडलों एवं आयोगों के अध्यक्ष और अन्य विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!