गांधी जयंती पर हरित भविष्य का संकल्प: चित्रोत्पला फिल्म सिटी में वृहद पौधारोपण अभियान
तीन दिनों में 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य, टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों और ग्रामीणों ने निभाई सहभागिता
आधुनिक फिल्म निर्माण सुविधाओं के साथ हरित और पर्यावरण-संवेदनशील परिसर के रूप में विकसित होगी चित्रोत्पला फिल्म सिटी

रायपुर । राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए माना-तूता स्थित प्रस्तावित चित्रोत्पला फिल्म सिटी परिसर में वृहद पौधारोपण अभियान की शुरुआत की। तीन दिवसीय इस अभियान के अंतर्गत फिल्म सिटी परिसर में लगभग 1,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पौधारोपण अभियान की शुरुआत छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे की उपस्थिति में हुई। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की उप महाप्रबंधक श्रीमती पूनम शर्मा, तूता गांव के सरपंच, टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारी तथा स्थानीय ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रबंध संचालक श्री चौबे सहित अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने स्वयं पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य का संदेश दिया।
चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक फिल्म एवं ऑडियो-विजुअल निर्माण सुविधाओं से सुसज्जित केंद्र के रूप में विकसित करने की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। इसके साथ ही परियोजना क्षेत्र में पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने, हरित आवरण बढ़ाने और योजनाबद्ध तरीके से हरित क्षेत्र विकसित करने को भी फिल्म सिटी की विकास अवधारणा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया गया है।
विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण को मिलेगी प्राथमिकता
फिल्म सिटी परियोजना के विकास के दौरान आवश्यक अधोसंरचना तैयार करने के साथ परिसर के प्राकृतिक और पर्यावरणीय स्वरूप को संरक्षित एवं संवर्धित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से चरणबद्ध रूप से पौधारोपण, लैंडस्केपिंग और हरित क्षेत्र के विस्तार की गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
टूरिज्म बोर्ड का प्रयास है कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी भविष्य में केवल फिल्म निर्माण का आधुनिक केंद्र ही न बने, बल्कि प्राकृतिक सौंदर्य, हरियाली और पर्यावरणीय संवेदनशीलता के कारण भी अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित करे। परिसर में विकसित होने वाला हरित क्षेत्र भविष्य में यहां आने वाले कलाकारों, फिल्म निर्माताओं, तकनीशियनों, पर्यटकों और अन्य आगंतुकों को आधुनिक सुविधाओं के साथ प्राकृतिक एवं आकर्षक वातावरण उपलब्ध कराने में सहायक होगा।
आधुनिक सुविधाओं के साथ हरित परिसर विकसित करना हमारा प्रयास: श्री सौमिल रंजन चौबे
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के प्रबंध संचालक श्री सौमिल रंजन चौबे ने कहा कि चित्रोत्पला फिल्म सिटी का विकास आधुनिक एवं उच्चस्तरीय सुविधाओं के साथ किया जाएगा और इसके साथ पर्यावरण संरक्षण को भी पूरी प्राथमिकता दी जाएगी। विकास और पर्यावरण संरक्षण को साथ लेकर चलना परियोजना की कार्ययोजना का महत्वपूर्ण हिस्सा है। जहां अधोसंरचना विकास आवश्यक है, वहीं पर्यावरणीय पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संतुलित दृष्टिकोण अपनाकर परिसर में अधिक से अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि गांधी जयंती के अवसर पर शुरू किया गया तीन दिवसीय पौधारोपण अभियान इसी सोच का हिस्सा है। अभियान के अंतर्गत लगभग एक हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। हमारा उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि उनकी नियमित देखभाल और सर्वाइवल सुनिश्चित करना भी है। आने वाले समय में चित्रोत्पला फिल्म सिटी को आधुनिक फिल्म निर्माण सुविधाओं के साथ सुंदर, सुव्यवस्थित, हरित और पर्यावरण के प्रति संवेदनशील परिसर के रूप में विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।
पौधारोपण के बाद संरक्षण और देखभाल पर विशेष फोकस
पौधारोपण अभियान को केवल तीन दिवसीय गतिविधि तक सीमित नहीं रखा जाएगा। लगाए गए पौधों की सुरक्षा, नियमित सिंचाई, आवश्यक रखरखाव और बेहतर सर्वाइवल सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। संबंधित अधिकारियों द्वारा समय-समय पर पौधों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी।
अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीणों ने लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं उनकी नियमित देखभाल का संकल्प भी लिया। परिसर के विभिन्न हिस्सों का अवलोकन कर भविष्य में और अधिक हरित क्षेत्र विकसित करने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया।
सामूहिक सहभागिता से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
अभियान की विशेषता टूरिज्म बोर्ड के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता रही। सभी ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी का संदेश दिया। गांधी जयंती के अवसर पर आयोजित इस अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि पर्यटन और उससे जुड़ी अधोसंरचना का विकास प्रकृति एवं पर्यावरण के संरक्षण के साथ संतुलित रूप से किया जाना आवश्यक है।
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड द्वारा पर्यटन विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, पर्यावरणीय संतुलन और सतत पर्यटन को प्राथमिकता दी जा रही है। चित्रोत्पला फिल्म सिटी में शुरू किया गया यह पौधारोपण अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। फिल्म सिटी के विकास के साथ भविष्य में भी परिसर में पौधारोपण, हरित क्षेत्र के विस्तार और पौधों के संरक्षण से जुड़ी गतिविधियां चरणबद्ध रूप से जारी रखी जाएंगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
