मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपा रखा था 440 किलो गांजा, दो तस्कर गिरफ्तार
लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और मिनी ट्रक समेत 2.40 करोड़ की जब्ती
जशपुर । नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ जशपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस की संयुक्त टीम ने उड़ीसा सीमा से लगे लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर कार्रवाई करते हुए टाटा आईसर मिनी ट्रक से 440.63 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। गांजा मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मामले में उत्तर प्रदेश के दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए है, जबकि तस्करी में प्रयुक्त टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 की कीमत करीब 20 लाख रुपए बताई गई है। इस तरह पुलिस ने मामले में कुल 2 करोड़ 40 लाख 31 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की है।

मुखबिर की सूचना पर बैरियर में बढ़ाई गई निगरानी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के नेतृत्व तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उड़ीसा सीमा से लगे लावाकेरा चेकिंग पॉइंट पर विशेष एंटी नारकोटिक्स टीम को तैनात किया गया है, जहां संदिग्ध वाहनों की लगातार जांच की जा रही है।

इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा की ओर से एक वाहन में गांजा लेकर तस्कर जशपुर जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले हैं। सूचना के आधार पर 2 अक्टूबर की सुबह करीब 9 बजे एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस ने लावाकेरा बैरियर पर वाहनों की सघन जांच शुरू की।
संदेह के आधार पर मिनी ट्रक की तलाशी
चेकिंग के दौरान उड़ीसा की ओर से आ रहे टाटा आईसर मिनी ट्रक क्रमांक UP-71-T-6592 को पुलिस ने संदेह के आधार पर रोक लिया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों से पूछताछ करने पर उन्होंने अपना नाम मो. वसीम (28 वर्ष) और मो. आसिफ (34 वर्ष) बताया। दोनों ग्राम मुंडेरा, थाना ढूंमनगंज, जिला प्रयागराज, उत्तर प्रदेश के निवासी बताए गए हैं।
पुलिस के अनुसार वाहन में रखे सामान के संबंध में पूछताछ करने पर दोनों ने मिर्ची की बोरियां लोड होने की जानकारी दी और बताया कि वे इन्हें उड़ीसा से उत्तर प्रदेश ले जा रहे हैं। पुलिस को संदेह होने पर वाहन में रखे सामान की बारीकी से जांच की गई।
ऊपर मिर्ची, नीचे गांजे के पैकेट
जांच के दौरान ट्रक के ऊपरी हिस्से में मिर्ची से भरी बोरियां रखी मिलीं। पुलिस टीम ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे हुए पैकेट मिले। पैकेट खोलकर जांच करने पर उनमें गांजा पाया गया।
पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में वाहन की तलाशी ली। इस दौरान 14 बोरियों में कुल 440 पैकेट गांजा बरामद हुआ। वजन करने पर गांजे की कुल मात्रा 440.63 किलोग्राम पाई गई। आरोपियों से गांजे के संबंध में वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर गांजा और तस्करी में प्रयुक्त मिनी ट्रक को विधिवत जब्त कर लिया।
उड़ीसा से प्रयागराज ले जाने की बात
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों द्वारा गांजा उड़ीसा के बोध क्षेत्र से लेकर प्रयागराज, उत्तर प्रदेश जाने की बात बताए जाने की जानकारी पुलिस ने दी है। हालांकि गांजा किस व्यक्ति से खरीदा गया था और उत्तर प्रदेश में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था, इसकी जांच अभी जारी है।
पुलिस मामले में गांजा तस्करी के पूरे नेटवर्क की एंड-टू-एंड विवेचना कर रही है। गांजे की खरीद, परिवहन और संभावित प्राप्तकर्ता से जुड़े लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी व्यक्ति संलिप्त पाया जाएगा, उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज
मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना तपकरा में धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की गई है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
2026 में अब तक 1906 किलो गांजा बरामद
पुलिस के जारी आंकड़ों के अनुसार जनवरी 2026 से अब तक जशपुर पुलिस ने गांजा तस्करी के 16 प्रकरणों में करीब 8 करोड़ रुपए कीमत का 1906 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। इन मामलों में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजे जाने की जानकारी दी गई है। इसके अलावा तस्करी में प्रयुक्त 17 कार और एक पिकअप वाहन जब्त किए जा चुके हैं।
पुलिस टीम की रही अहम भूमिका
पूरी कार्रवाई में थाना तपकरा प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक प्रधान, निरीक्षक संदीप कौशिक, सहायक उप निरीक्षक संतोष चौरसिया, आरक्षक शिवकुमार, विनोद तिर्की सहित जिले की एंटी नारकोटिक्स टीम और थाना तपकरा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
एसएसपी बोले—पूरे नेटवर्क की जांच जारी
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि ऑपरेशन आघात के तहत लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर पुलिस की सतर्कता और बेहतर समन्वय से मिर्ची की बोरियों के नीचे छिपाकर ले जाया जा रहा 440.63 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है। उन्होंने बताया कि मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर तस्करी में प्रयुक्त वाहन जब्त किया गया है। पुलिस गांजा कहां से खरीदा गया, इसके पीछे कौन लोग हैं और इसे उत्तर प्रदेश में किसे पहुंचाया जाना था, इन सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। उनके अनुसार नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
