स्वयं मैदान में उतरे खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक, चार प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
गंदगी मिलने पर 150 किलो मिठाई और 10 किलो पनीर नष्ट; लाइसेंस निलंबित, तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश

रायपुर । खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वच्छता सुनिश्चित करने और आम नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के नियंत्रक दीपक अग्रवाल स्वयं विभागीय अमले के साथ मैदानी निरीक्षण पर उतरे। उन्होंने रायपुर के तेलीबांधा क्षेत्र स्थित न्यू जनता स्वीट्स, मां अंबे स्वीट्स, स्वीट हट एंड बेकरी तथा पचपेड़ी नाका स्थित रायपुर ढाबा का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य पदार्थों के रखरखाव और स्वच्छता संबंधी लापरवाही को देखते हुए विभागीय दल ने तत्काल कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान लगभग 150 किलोग्राम विभिन्न प्रकार की मिठाइयां और 10 किलोग्राम पनीर नष्ट करवाया गया। विभाग ने चारों प्रतिष्ठानों के खाद्य लाइसेंस निलंबित कर दिए हैं तथा स्वच्छता व्यवस्था में सुधार होने तक कम से कम तीन दिन दुकानें बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे
निरीक्षण के दौरान खोवा, कुंदा, पनीर, बूंदी, बेसन के लड्डू, कलाकंद और छेने से बनी मिठाइयों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के विरुद्ध नियमानुसार न्यायालयीन कार्रवाई की जाएगी।
नियंत्रक श्री दीपक अग्रवाल ने कहा कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, स्वच्छता और सुरक्षित रखरखाव के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। खाद्य कारोबारियों के लिए निर्धारित स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन अनिवार्य है। उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई दल में नियंत्रक श्री दीपक अग्रवाल के साथ उपायुक्त श्री आशीष यादव, अभिहित अधिकारी श्री विनोद गुप्ता, वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्रीमती कंचन वर्मा तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री सतीश राज, श्री संतोष ध्रुव एवं श्री डोमेन्द्र ध्रुव उपस्थित रहे।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि आम नागरिकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण अभियान आगे भी जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
