रायगढ़ के विकास कार्यों में नहीं चलेगी देरी, गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरे हों सभी निर्माण कार्य: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

0
IMG-20261019-WA0879

वित्त मंत्री ने कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम, मरीन ड्राइव, तालाबों के सौंदर्यीकरण और ऑक्सीजोन का किया निरीक्षण

ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग के निर्माण में तेजी लाने के निर्देश

शहर की कनेक्टिविटी, खेल सुविधाओं, हरित क्षेत्रों और नागरिक सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर

NTPC World Environment Day

रायपुर । रायगढ़ शहर को आधुनिक, सुव्यवस्थित और बेहतर नागरिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में वित्त मंत्री तथा रायगढ़ विधायक ओ.पी. चौधरी ने सोमवार को शहर में संचालित विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को दोटूक निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्चतम गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार का अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक परियोजना में नागरिकों की वर्तमान सुविधाओं और भविष्य की आवश्यकताओं को सर्वोपरि रखा जाए।

वित्त मंत्री चौधरी ने जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड, बोइरदादर स्टेडियम में स्विमिंग पूल एवं एथलेटिक ट्रैक, प्रगतिनगर मरीन ड्राइव, फटहामुड़ा व मिट्ठूमुड़ा तालाब के सौंदर्यीकरण तथा किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे ऑक्सीजोन का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों से परियोजनाओं की भौतिक प्रगति, निर्माण की गुणवत्ता और उनके पूर्ण होने की समय-सीमा की विस्तृत जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का नियमित धरातलीय निरीक्षण बेहद आवश्यक है, ताकि जमीनी स्तर पर प्रगति का सही आकलन करने के साथ-साथ नागरिकों के सुझावों के अनुरूप आवश्यक सुधार भी तत्काल किए जा सकें।

कैनाल लिंक रोड से मजबूत होगी शहर की कनेक्टिविटी, यातायात को मिलेगी राहत

जोगीडीपा में निर्माणाधीन कैनाल लिंक रोड का निरीक्षण करते हुए वित्त मंत्री चौधरी ने अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के कड़े निर्देश दिए। यह अत्यंत महत्वपूर्ण सड़क केवड़ाबाड़ी बस स्टैंड को न्यू एवं ओल्ड मरीन ड्राइव रोड से जोड़ेगी। इसके निर्माण से शहर के विभिन्न प्रमुख क्षेत्रों के बीच आपसी आवागमन बेहद सुगम होगा और शहर की यातायात व्यवस्था को सुधारने में बड़ी मदद मिलेगी। उन्होंने सड़क निर्माण से जुड़े सीमांकन सहित अन्य सभी आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करने तथा सड़क निर्माण व सौंदर्यीकरण के कार्यों में आपसी बेहतर समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।

बोइरदादर स्टेडियम में विकसित होंगी आधुनिक खेल सुविधाएं

वित्त मंत्री ने बोइरदादर स्टेडियम पहुंचकर वहां निर्माणाधीन ओलंपिक मानक के स्विमिंग पूल, सिंथेटिक एथलेटिक ट्रैक और स्केटिंग रिंग का जायजा लिया। उन्होंने इन सभी खेल परियोजनाओं को अपनी सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए निर्माण कार्यों में पूरी तेजी लाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही, एथलेटिक ट्रैक पर जमा मलबे को तुरंत हटाने और पूरे परिसर को व्यवस्थित रखने के कड़े निर्देश दिए।

श्री चौधरी ने कहा कि रायगढ़ के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर का प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। खेल अधोसंरचना (स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर) का विकास पूरी तरह से खिलाड़ियों की वास्तविक और व्यावहारिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए। उन्होंने खिलाड़ियों की समस्याओं और उनके बहुमूल्य सुझावों पर विशेष ध्यान देने के साथ-साथ स्टेडियम परिसर में ‘ओपन जिम’ जैसी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर भी विशेष जोर दिया।

फटहामुड़ा और मिट्ठूमुड़ा तालाब बनेंगे आकर्षक सार्वजनिक स्थल

शहर के पारंपरिक तालाबों को स्वच्छ, सुंदर और नागरिकों के लिए उपयोगी सैर-गाह के रूप में विकसित करने की दिशा में चल रहे सौंदर्यीकरण कार्यों का भी वित्त मंत्री ने बारीकी से निरीक्षण किया। फटहामुड़ा तालाब परिसर में पाथवे, गार्डन, ओपन जिम, पचरी, फाउंटेन और आकर्षक प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) विकसित की जा रही है। इन सभी सुविधाओं के पूर्ण हो जाने से स्थानीय नागरिकों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और मनोरंजन के लिए एक बेहतरीन सार्वजनिक स्थल उपलब्ध होगा।

इसी प्रकार, मिट्ठूमुड़ा तालाब परिसर में प्रवेश मार्ग, पार्किंग जोन, पार्क, पाथवे, ओपन जिम और अन्य नागरिक सुविधाओं का तेजी से विकास किया जा रहा है। वित्त मंत्री ने तालाबों के सौंदर्यीकरण के कार्यों को एक समग्र विकास परियोजना के रूप में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान सीपेज जैसी तकनीकी समस्याओं से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान मिट्ठूमुड़ा के नागरिकों की मांग पर उन्होंने मंदिर निर्माण के लिए 1 लाख 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की।

किसान राइस मिल परिसर में विकसित हो रहा ऑक्सीजोन, नागरिकों को मिलेगा हरित और स्वास्थ्यवर्धक वातावरण

वित्त मंत्री चौधरी ने प्रगतिनगर मरीन ड्राइव में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इसके पश्चात उन्होंने किसान राइस मिल परिसर में विकसित किए जा रहे नए ‘ऑक्सीजोन’ का निरीक्षण किया। इस परिसर में आम नागरिकों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए ओपन जिम, पाथवे, योग केंद्र सहित विभिन्न अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि तेजी से बढ़ते शहरीकरण के बीच शहर में हरित क्षेत्रों (ग्रीन स्पेसेस) का विस्तार और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने वाली सुविधाओं का विकास बेहद आवश्यक है। ऑक्सीजोन जैसे शांत स्थल नागरिकों को शुद्ध और स्वच्छ पर्यावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्वास्थ्य व मानसिक शांति की दृष्टि से अत्यंत उपयोगी साबित होंगे।

विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में रायगढ़ निभाएगा महत्वपूर्ण भूमिका: वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी

निरीक्षण के अंत में वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि रायगढ़ के विकास कार्यों की नियमित समीक्षा करना और उनका स्थल निरीक्षण करना उनकी कार्यशैली की प्राथमिकताओं में शामिल है। जब भी वे रायगढ़ में होते हैं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के दल के साथ विकास कार्यों का जायजा लेते हैं ताकि उनकी वास्तविक स्थिति का पता चल सके। इससे निर्माण कार्यों की प्रगति की मॉनिटरिंग होने के साथ-साथ जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप जरूरी सुधार करने का अवसर भी मिलता है।

उन्होंने कहा कि रायगढ़ लंबे समय से औद्योगिक और राजस्व के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ राज्य को अपना महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। हमारा मुख्य ध्येय यह है कि आने वाले समय में रायगढ़ शिक्षा, खेल, अधोसंरचना, पर्यावरण संरक्षण और आधुनिक नागरिक सुविधाओं के मामले में भी पूरे प्रदेश में एक मिसाल बने। जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अमले के पूर्ण समन्वय एवं प्रयासों से रायगढ़ को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया जाएगा, जिससे ‘विकसित छत्तीसगढ़’ के निर्माण में रायगढ़ अपनी सर्वाधिक महत्वपूर्ण भूमिका निभा सके।

इस व्यापक निरीक्षण के दौरान महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्री लाल साहू, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न वार्डों के पार्षदगण, गणमान्य नागरिक तथा नगर निगम और संबंधित निर्माण विभागों के तमाम वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!