नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की चतुर्थ तिमाही बैठक संपन्न

0
IMG-20251222-WA0988.jpg

मंडल रेल प्रबंधक ने किया ई-पत्रिका ‘समर्पण’ के पाँचवें अंक का विमोचन

हिंदी में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को किया गया सम्मानित

नागपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2025 की चतुर्थ तिमाही बैठक का आयोजन 19 दिसंबर 2025 को मंडल कार्यालय सभागार में किया गया। बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की। बैठक में मंडल स्तर पर राजभाषा हिंदी के प्रयोग एवं प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक एवं अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी राजेश चिखले, विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी एवं उनके प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक का संचालन राजभाषा अधिकारी एवं समिति सचिव गौतम श्रीवास्तव द्वारा किया गया।

ई-पत्रिका ‘समर्पण’ का विमोचन

बैठक के प्रथम चरण में मंडल की ई-पत्रिका ‘समर्पण’ के पाँचवें अंक का विमोचन मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के कर-कमलों से किया गया। यह ई-पत्रिका मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रचार-प्रसार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।

राजभाषा प्रगति की समीक्षा

द्वितीय चरण में 30 सितंबर 2025 को समाप्त तिमाही की राजभाषा प्रगति रिपोर्ट पर विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक राजेश चिखले ने कहा कि राजभाषा में कार्य करना केवल संवैधानिक दायित्व ही नहीं, बल्कि नैतिक जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सभी शाखाधिकारियों से अपने-अपने विभागों में हिंदी के प्रयोग को लक्ष्य स्तर पर बनाए रखते हुए निरंतर प्रगति करने का आह्वान किया।

फील्ड कार्यालयों तक पहुंचे हिंदी का वातावरण

अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी में हो रहे कार्यों पर संतोष व्यक्त किया और इसके लिए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मंडल कार्यालयों में बना हिंदी के अनुकूल वातावरण फील्ड कार्यालयों तक पहुंचना चाहिए, जिससे राजभाषा के प्रयोग को और मजबूती मिले।

हिंदी में विभागीय प्रस्तुतियों की सराहना

बैठक के तृतीय चरण में वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूरसंचार इंजीनियर द्वारा सिगनल विभाग तथा वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक द्वारा परिचालन विभाग की विभागीय प्रस्तुतियाँ राजभाषा हिंदी में दी गईं, जिन्हें समिति सदस्यों ने सराहा।

उत्कृष्ट कार्य के लिए पुरस्कार

चतुर्थ चरण में जुलाई से सितंबर 2025 की तिमाही के दौरान हिंदी में उत्कृष्ट सरकारी कार्य करने वाले दो कर्मचारियों को मंडल रेल प्रबंधक राजभाषा पुरस्कार प्रदान किया गया। साथ ही ई-पत्रिका ‘समर्पण’ के प्रकाशन में तकनीकी सहयोग के लिए तकनीशियन जितेंद्र सेलुकर को भी सम्मानित किया गया।

आभार एवं समापन

बैठक के अंत में राजभाषा अधिकारी गौतम श्रीवास्तव ने सभी उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके पश्चात मंडल रेल प्रबंधक की अनुमति से बैठक की औपचारिक समाप्ति की गई।

यह बैठक नागपुर मंडल में राजभाषा हिंदी के सुदृढ़ क्रियान्वयन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!