दर्री जोन के 08 वार्डों को 2 करोड़ 42 लाख रुपए के विकास कार्यों की सौगात

उद्योग मंत्री और महापौर ने किया भूमिपूजन, गुणवत्ता व समयसीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश

कोरबा | नगर पालिक निगम कोरबा के दर्री जोन अंतर्गत आने वाले 08 वार्डों को आज 2 करोड़ 42 लाख रुपए की लागत से होने वाले विकास कार्यों की बड़ी सौगात मिली। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, श्रम, आबकारी एवं सार्वजनिक उपक्रम मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य तथा महापौर संजू देवी राजपूत की अध्यक्षता में अलग-अलग स्थानों पर आयोजित भूमिपूजन कार्यक्रमों के दौरान इन विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया।
उद्योग मंत्री देवांगन ने भूमिपूजन करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं तथा निर्धारित समयसीमा में पूर्ण गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
इन विकास कार्यों का किया गया भूमिपूजन
नगर निगम द्वारा दर्री जोन के विभिन्न वार्डों में कई महत्वपूर्ण कार्य कराए जाएंगे। इनमें प्रमुख रूप से—
- वार्ड क्रमांक 48, इतवारी बाजार में 19.08 लाख रुपए की लागत से नॉन-वेजीटेबल मार्केट का उन्नयन
- वार्ड क्रमांक 48, स्वामी आत्मानंद स्कूल दर्री में 20 लाख रुपए से अहाता निर्माण
- वार्ड क्रमांक 48, कलमीडुग्गू धनवारपारा में 5 लाख रुपए से आरसीसी छत एवं टाइल्स निर्माण
- वार्ड क्रमांक 48, दर्री कन्वेयर बेल्ट के नीचे मछली मार्केट में 5 लाख एवं 10 लाख रुपए की लागत से शेड निर्माण
- वार्ड क्रमांक 49, राजीवनगर में विभिन्न मार्गों पर 15 लाख रुपए से आरसीसी रोड निर्माण
- वार्ड क्रमांक 51, शासकीय हाई स्कूल स्याहीमुड़ी में 20 लाख एवं 10 लाख रुपए से अहाता निर्माण
- वार्ड क्रमांक 46, अयोध्यापुरी तालाब में 25 लाख रुपए से जल संवर्धन कार्य (पचरी, सीसी रोड, गहरीकरण)
- वार्ड क्रमांक 52, प्राथमिक शाला अयोध्यापुरी में 16.95 लाख रुपए से नवीन भवन निर्माण
- वार्ड क्रमांक 47, लारीपारा एवं जमनीपाली में सामुदायिक एवं सड़क संबंधी कार्य
- वार्ड क्रमांक 54, जमनीपाली, गोपालपुर, कुमगरी एवं बरेड़ीमुड़ा में नाली, सीसी रोड, भवन, कलवर्ट निर्माण सहित अन्य कार्य
कलमीडुग्गू, अयोध्यापुरी और लारीपारा-जमनीपाली में आयोजित पृथक-पृथक कार्यक्रमों में इन सभी कार्यों का विधिवत भूमिपूजन किया गया।
प्रदेश और कोरबा के विकास को मिली नई गति
उद्योग मंत्री देवांगन ने कहा कि पिछले दो वर्षों में छत्तीसगढ़ के साथ-साथ कोरबा के विकास को भी तेज गति मिली है। अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से आम नागरिकों को लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि निगम क्षेत्र में बीते दो वर्षों में लगभग 800 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत हुए हैं, जिनमें कई पूर्ण हो चुके हैं, कई प्रगतिरत हैं और कुछ प्रक्रियाधीन हैं।
उन्होंने कहा कि कोरबा के विकास में किसी प्रकार की रुकावट नहीं आने दी जाएगी और न ही धन की कमी होगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश को सही दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
जनता का भरोसा कभी नहीं टूटेगा – महापौर
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि कोरबा की जनता ने जिस विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है, वह भरोसा कभी नहीं टूटेगा। उद्योग मंत्री के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र में निरंतर विकास कार्य हो रहे हैं और आगे भी होते रहेंगे। कोरबा के विकास के लिए राज्य सरकार का पूरा सहयोग मिल रहा है।
2047 के विकसित भारत के संकल्प की दिशा में कार्य
गोपाल मोदी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को पूरा करने की दिशा में राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। कोरबा सहित पूरे प्रदेश में विकास कार्यों की गति इसका प्रमाण है।
अयोध्यापुरी में 40 लाख रुपए के सामुदायिक भवन की घोषणा
कार्यक्रम के दौरान अयोध्यापुरी क्षेत्र के नागरिकों और पार्षदों की मांग पर उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अयोध्यापुरी में 40 लाख रुपए की लागत से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन निर्माण की घोषणा की। इससे क्षेत्रवासियों को सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पारिवारिक आयोजनों के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी।
भूमिपूजन कार्यक्रमों में सभापति, पार्षदगण, जनप्रतिनिधि, मंडल पदाधिकारी, निगम अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

