झगड़ा छुड़ाने गए लोगों पर जानलेवा हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260105-WA0397.jpg

बिलासपुर । थाना कोनी पुलिस ने मारपीट कर नुकीली व धारदार वस्तुओं से हमला करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी कार्रवाई की है। आरोपियों के खिलाफ मारपीट की गंभीर धाराओं के साथ आम्र्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार अपराध क्रमांक 05/26 धारा 296, 115(2), 351(2), 118(1), 3(5) बीएनएस एवं धारा 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों में संदीप भार्गव पिता बद्री प्रसाद भार्गव उम्र 25 वर्ष, अमन दीप भार्गव पिता अयोध्या उम्र 26 वर्ष एवं अनिकेत भार्गव पिता अयोध्या उम्र 20 वर्ष, तीनों निवासी ग्राम पोसरा थाना कोनी, जिला बिलासपुर शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशानुसार तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक गगन कुमार के मार्गदर्शन में जिले में अपराध एवं असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में यह मामला सामने आया।

प्रार्थी धरमलाल भार्गव निवासी ग्राम पोसरा ने थाना कोनी में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 03 जनवरी 2026 को शाम करीब 7 बजे ग्राम पोसरा मोहल्ले में संदीप भार्गव एवं संजय सोनी के बीच लड़ाई-झगड़ा हो रहा था। जब वह बीच-बचाव करने पहुंचा तो संदीप भार्गव ने उसे बीच में न आने की धमकी देते हुए हाथ में रखे डंडे से उसके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद संदीप ने अपने भाई अमन भार्गव एवं अनिकेत भार्गव को बुला लिया।

तीनों आरोपियों ने मां-बहन की अश्लील गालियां देते हुए जान से मारने की धमकी दी। अनिकेत भार्गव ने लोहे की धारदार वस्तु से और अमन भार्गव ने लोहे की नुकीली वस्तु से मारपीट की, जिससे प्रार्थी के बाएं गाल, बाएं कान और सिर में गंभीर चोट आई। इस दौरान बीच-बचाव करने आए वीरेंद्र भार्गव, ऋषि भार्गव और दीपक भार्गव के साथ भी मारपीट की गई, जिससे वीरेंद्र के बाएं गाल, ऋषि के सिर और दीपक के गले में चोटें आईं।

रिपोर्ट पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को अभिरक्षा में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध स्वीकार किया। उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त डंडा, ब्लेड एवं धारदार चाकू को गवाहों के समक्ष जप्त कर लिया गया। जांच में आम्र्स एक्ट के तहत अपराध पाया जाने पर प्रकरण में धारा 25 एवं 27 आम्र्स एक्ट जोड़ी गई।

पुलिस ने तीनों आरोपियों को दिनांक 04 जनवरी 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें न्यायिक रिमांड पर माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा।

कोनी पुलिस की जनअपील
कोनी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या असामाजिक तत्वों की सूचना तत्काल स्थानीय थाना या डायल 112 पर दें, ताकि समय रहते कार्रवाई कर शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखी जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!