प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना को लेकर करगीकला में विशेष शिविर


रिपोर्टर ✒️ सूचित कुमार मरावी
विद्युत विभाग ने दी सोलर ऊर्जा, सब्सिडी और लाभ की विस्तृत जानकारी


करगीकला।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के लाभ से आम लोगों को अवगत कराने के उद्देश्य से विद्युत विभाग द्वारा उपकेंद्र करगीकला में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उपभोक्ताओं को योजना से जुड़ी विस्तृत जानकारी दी गई और सौर ऊर्जा के उपयोग से होने वाले लाभों के बारे में जागरूक किया गया।

मस्तूरी उपसंभाग के सहायक यंत्री प्रवीण कौशिक और मल्हार वितरण केंद्र के कनिष्ठ यंत्री नीलेश टोप्पो ने बताया कि यदि उपभोक्ता इस योजना का लाभ लेते हैं तो उनका बिजली खर्च हमेशा के लिए समाप्त हो सकता है। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना उपभोक्ताओं के लिए एक सुनहरा अवसर है, जिसके तहत सरकार घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने के लिए सब्सिडी प्रदान कर रही है। इससे उपभोक्ता स्वयं बिजली उत्पादन कर सकते हैं और अतिरिक्त बिजली विभाग को बेचकर आय भी अर्जित कर सकते हैं।
अधिकारियों ने कहा कि भारत जैसे देश में सूर्य की प्रचुर रोशनी उपलब्ध है, इसलिए यह योजना देश के हर कोने तक सस्ती और स्वच्छ बिजली पहुंचाने की दिशा में एक बड़ा कदम है। योजना का उद्देश्य करोड़ों घरों को सौर ऊर्जा से जोड़ना है। छत पर सोलर पैनल लगाने के लिए सरकारी सब्सिडी दी जा रही है और अतिरिक्त बिजली को ग्रिड में बेचने की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से सरल प्रक्रिया द्वारा आवेदन किया जा सकता है।
शिविर के दौरान लगातार दो वर्षों से विद्युत बिल का नियमित भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही मोर बिजली एप के माध्यम से ऑनलाइन बिल भुगतान, नई सेवा कनेक्शन प्रक्रिया एवं बिजली से संबंधित समस्याओं के ऑनलाइन समाधान की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर कोटा जनपद अध्यक्ष सूरज भारद्वाज, पूर्व जनपद अध्यक्ष साधे लाल भारद्वाज, करगी मंडल अध्यक्ष भोजेश रजक, उपाध्यक्ष रितेश पांडे, विनोद बंजारे, सुचित कुमार मरावी, ओम प्रकाश यादव, सुनील श्रीवास, विद्युत विभाग से एई बी.पी. यादव, जेई राकेश राठौर सहित विभागीय कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे।
शिविर के माध्यम से लोगों में सौर ऊर्जा को लेकर उत्साह देखने को मिला और कई उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ लेने में रुचि दिखाई।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



