ग्रामीण आजीविका को मिली नई उड़ान
रिपोर्टर ✒️ सूचित कुमार मरावी


पशु चिकित्सालय तेंदुआ द्वारा 31 हितग्राहियों को बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण
करगीकला।
ग्रामीणों को आजीविका से जोड़ने और उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से पशुधन विकास विभाग, बिलासपुर द्वारा संचालित बैकयार्ड कुक्कुट इकाई वितरण योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। इसी कड़ी में पशु चिकित्सालय तेंदुआ द्वारा 31 चयनित हितग्राहियों को बैकयार्ड कुक्कुट इकाई का वितरण किया गया।


योजना के तहत अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को 90 प्रतिशत तथा सामान्य एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के हितग्राहियों को 75 प्रतिशत अनुदान का लाभ दिया जा रहा है। प्रत्येक हितग्राही को 28 दिवसीय 45 रंगीन चूजे एवं आवश्यक कुक्कुट आहार सीधे उनके घर तक पहुंचाकर उपलब्ध कराया गया, जिससे उन्हें प्रारंभिक स्तर पर किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।

संयुक्त संचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला बिलासपुर के निर्देशानुसार यह वितरण कार्य संपन्न हुआ। वितरित किए गए हितग्राहियों में 10 अति पिछड़ी बैगा जनजाति के परिवार भी शामिल रहे, जिससे यह योजना वंचित और जरूरतमंद वर्ग तक पहुंचती नजर आई।
इस अवसर पर पशु चिकित्सालय तेंदुआ के डॉ. राजकमल कुर्रे, भाजपा मंडल उपाध्यक्ष रितेश पांडे, सुचित कुमार मरावी, मीडिया प्रभारी सनत पांडे एवं अमर सिंह की उपस्थिति में हितग्राहियों को मुर्गी पालन से संबंधित आवश्यक जानकारी दी गई। अधिकारियों द्वारा कुक्कुट पालन प्रबंधन, संतुलित आहार व्यवस्था, समय पर टीकाकरण, रोग नियंत्रण तथा साफ-सफाई के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया, ताकि हितग्राही इस कार्य को सफलतापूर्वक अपनाकर नियमित आय अर्जित कर सकें।
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार को बढ़ावा देने, पोषण सुरक्षा सुनिश्चित करने और आर्थिक आत्मनिर्भरता की दिशा में यह योजना एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में सामने आ रही है, जिससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि के साथ जीवन स्तर में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The https://apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.



