जमीन के नाम पर 13.50 लाख की ठगी, एफएम ग्रुप के डायरेक्टर समेत चार पर एफआईआर

0
IMG-20260207-WA0545.jpg

बिलासपुर। जमीन बेचने के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कलेक्ट्रेट में पदस्थ एक क्लर्क से 13 लाख 50 हजार रुपये लेकर न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही रकम लौटाई गई। पीड़ित की शिकायत पर सकरी थाना पुलिस ने एफएम ग्रुप के डायरेक्टर शोहेल मुर्तजा समेत चार आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

पीड़ित रविकांत शर्मा, निवासी सांई नगर, उसलापुर, वर्तमान में कलेक्टर कार्यालय में क्लर्क के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि वर्ष 2023 में सकरी क्षेत्र के अमेरी पटवारी हल्का अंतर्गत स्थित 940 वर्गफुट भूमि खरीदने के लिए एफएम ग्रुप के संचालक शोहेल मुर्तजा से संपर्क हुआ था। आरोपियों ने दावा किया था कि उक्त जमीन एफएम ग्रुप के नाम पर विधिवत रजिस्टर्ड है और जल्द ही रजिस्ट्री कर दी जाएगी।

रविकांत शर्मा के अनुसार, 18 अक्टूबर 2023 को उन्होंने बतौर बयाना 50 हजार रुपये नकद दिए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में नकद व चेक के माध्यम से कुल 13 लाख 50 हजार रुपये शोहेल मुर्तजा को सौंपे गए। सौदे के अनुसार शेष 2 लाख 75 हजार रुपये रजिस्ट्री के समय दिए जाने थे। इस संबंध में एक एग्रीमेंट भी किया गया, जिसमें शोहेल मुर्तजा के साथ वसामा आसमी, नंदन और मोहम्मद अनीस कादरी भी पक्षकार थे।

आरोप है कि तय समय बीत जाने के बावजूद न तो जमीन की रजिस्ट्री कराई गई और न ही खरीदी गई राशि लौटाई गई। बाद में एग्रीमेंट निरस्त कर दिया गया और रकम लौटाने के नाम पर पीड़ित को 5 लाख 50 हजार रुपये का चेक दिया गया, जो बैंक में प्रस्तुत करने पर बाउंस हो गया। इसके बाद आरोपियों ने हर माह एक लाख रुपये लौटाने का आश्वासन दिया, लेकिन एक भी किश्त नहीं दी।

लगातार टालमटोल और आर्थिक रूप से परेशान होने के बाद रविकांत शर्मा ने आखिरकार सकरी थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाते हुए आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि लेन-देन से जुड़े दस्तावेज, बैंक रिकॉर्ड और एग्रीमेंट की गहन जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के सामने आने के बाद रियल एस्टेट के नाम पर ठगी को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं, वहीं आम लोगों से जमीन खरीद-बिक्री में पूरी सतर्कता बरतने की अपील भी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!