बिजली टैरिफ याचिकाओं पर जन-सुनवाई 17 फरवरी को, कबीरधाम के उपभोक्ताओं को मिलेगा सीधा मंच
रिपोर्टर: कमलेश सिंह
कवर्धा। जिले के बिजली उपभोक्ताओं के लिए राहत और भागीदारी का महत्वपूर्ण अवसर सामने आया है। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत नियामक आयोग (सीएसईआरसी) द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2029-30 तक के लिए प्रस्तावित बिजली दरों एवं राजस्व आवश्यकताओं से संबंधित टैरिफ याचिकाओं पर जन-सुनवाई का आयोजन किया जा रहा है। इस जन-सुनवाई में कबीरधाम जिले के घरेलू, कृषि, वाणिज्यिक और औद्योगिक उपभोक्ता अपने सुझाव और आपत्तियां सीधे दर्ज करा सकेंगे।
पहली बार सीएसईआरसी द्वारा छत्तीसगढ़ के दूर-दराज क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को शामिल करने के लिए क्षेत्रवार ऑनलाइन जुड़ाव की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। राज्य की बिजली कंपनियों द्वारा प्रस्तुत याचिकाओं पर आम जनता, किसान, व्यापारी और उद्योगपति खुलकर अपनी बात रख सकेंगे।
राजनांदगांव क्षेत्र के अंतर्गत कबीरधाम जिले के उपभोक्ताओं के लिए यह जन-सुनवाई 17 फरवरी 2026 को दोपहर 3 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। इसके लिए उपभोक्ता शहर के पार्रीनाला स्थित के कार्यपालक निदेशक कार्यालय में उपस्थित होकर आयोग के कार्यालय से सीधे जुड़ सकेंगे।
यदि कोई उपभोक्ता स्वयं रायपुर स्थित आयोग कार्यालय में जाकर अपनी बात रखना चाहता है, तो उनके लिए भी अलग-अलग तिथियों और समय-सारिणी का निर्धारण किया गया है। 19 फरवरी 2026 को दोपहर 12 से 1:30 बजे तक कृषि एवं कृषि संबंधी कार्यों से जुड़े उपभोक्ता, दोपहर 2:30 से 4 बजे तक घरेलू उपभोक्ता तथा शाम 4 से 5:30 बजे तक गैर-घरेलू उपभोक्ता अपनी आपत्तियां और सुझाव प्रस्तुत कर सकेंगे।
इसी प्रकार 20 फरवरी 2026 को दोपहर 12 से 1:30 बजे तक स्थानीय निकाय, नगर निगम एवं ट्रेड यूनियन, दोपहर 2:30 से 4 बजे तक निम्न दाब उद्योग और शाम 4 से 5:30 बजे तक उच्च दाब उद्योगों के प्रतिनिधि आयोग के समक्ष अपने सुझाव रख सकेंगे।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि टैरिफ याचिकाओं का विस्तृत विवरण उसकी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। कबीरधाम जिले के सभी इच्छुक बिजली उपभोक्ताओं, संगठनों और उद्योगों से अपील की गई है कि वे इस जन-सुनवाई प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता कर अपने हितों से जुड़े सुझाव एवं आपत्तियां अवश्य दर्ज कराएं, ताकि आगामी वर्षों के लिए बिजली दरों का निर्धारण जनहित में किया जा सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




