ड्यूटी के दौरान हादसे में शहीद आरक्षक के परिजनों को 1 करोड़ की सहायता
मुंगेली | मुंगेली जिले में पुलिस ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में दिवंगत हुए आरक्षक राकेश डहरिया के परिजनों को राज्य शासन की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।
थाना पथरिया में पदस्थ आरक्षक राकेश डहरिया का 24 जून 2025 को ड्यूटी के दौरान सड़क दुर्घटना में आकस्मिक निधन हो गया था। इस दुखद घटना के बाद पुलिस विभाग द्वारा गहरा शोक व्यक्त किया गया। राज्य शासन की योजना के तहत 19 फरवरी 2026 को दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया को 1 करोड़ रुपए का चेक सौंपा गया।
यह चेक पुलिस सैलरी पैकेज योजना के अंतर्गत State Bank of India की मुख्य शाखा बड़ाबाजार, मुंगेली के माध्यम से प्रदान किया गया। बैंक प्रबंधन के अनुसार केंद्र और राज्य शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों के तहत ड्यूटी के दौरान आकस्मिक मृत्यु होने पर पुलिसकर्मियों के आश्रित परिवार को यह आर्थिक सहायता दी जाती है।
पुलिस सैलरी पैकेज योजना का उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी या कर्मचारी की आकस्मिक मृत्यु की स्थिति में उनके आश्रित परिवार को आर्थिक सुरक्षा और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित रह सके।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पुलिस सैलरी पैकेज के अलावा दिवंगत आरक्षक के परिजनों को अन्य शासकीय लाभ, अनुग्रह राशि, जीपीएफ, ग्रेच्युटी एवं अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया भी नियमानुसार प्रचलन में है।
आर्थिक सहायता प्राप्त होने पर दिवंगत आरक्षक की पत्नी नागेश्वरी डहरिया ने शासन, पुलिस प्रशासन और बैंक प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि दिवंगत आरक्षक एक कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान थे, जिनका असामयिक निधन पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। जिला पुलिस परिवार उनके परिजनों के साथ खड़ा है और हर संभव सहयोग प्रदान करेगा। इस पूरी प्रक्रिया में पुलिस विभाग के अधिकारियों और बैंक प्रबंधन की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




