जिला स्तरीय एकीकृत स्थानीय परीक्षा की फीस अधिक

0
IMG-20260302-WA0905

गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने शुल्क कम करने सौंपा ज्ञापन

मुंगेली । जिला स्तरीय एकीकृत स्थानीय परीक्षा के अंतर्गत कक्षा 9वीं एवं 11वीं के लिए निर्धारित परीक्षा शुल्क को अधिक बताते हुए गवर्नमेंट एम्पलाइज वेलफेयर एसोसिएशन ने आपत्ति दर्ज कराई है। संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी मुंगेली को ज्ञापन सौंपकर 30 रुपये प्रति छात्र की जगह 20 रुपये प्रति छात्र शुल्क निर्धारित करने की मांग की है।

संगठन के जिला अध्यक्ष संतोष कुमार सोनकर ने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण कुमार नवरंग के नेतृत्व में ज्ञापन सौंपा गया। उन्होंने कहा कि जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा प्रत्येक विद्यालय से प्रत्येक विद्यार्थी की दर से 30 रुपये तत्काल चेक के माध्यम से जमा कराने का निर्देश दिया गया है, जिससे विद्यालयों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ रहा है।

प्रदेश महामंत्री बसंत बंजारे, सनत बंजारे एवं जिला संयोजक मनीराम ध्रुव ने बताया कि लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) द्वारा सत्र 2025–26 के लिए वर्ष भर में 150 रुपये शुल्क का प्रावधान है, जिसके अंतर्गत तिमाही, छमाही और वार्षिक परीक्षाओं का आयोजन किया जाता है। इसके बावजूद वर्तमान सत्र में तिमाही व छमाही परीक्षाएं जिला स्तर पर प्रश्नपत्र उपलब्ध कराकर फोटो कॉपी के माध्यम से कराई गईं, जिससे खर्च बढ़ गया।

उन्होंने आगे बताया कि 90 प्लस अभियान के तहत प्रतिमाह मूल्यांकन, प्री-बोर्ड परीक्षा और अंकसूची तैयार करने में भी विद्यालयों को अतिरिक्त व्यय वहन करना पड़ा है। ऐसी स्थिति में पुनः 30 रुपये प्रति छात्र की मांग उचित नहीं है। संगठन ने जिला शिक्षा अधिकारी से मिलकर शुल्क को 20 रुपये प्रति छात्र करने की मांग की है।

उक्त जानकारी संगठन सचिव रोहित डिंडोरे एवं प्रवक्ता विजय मरखंडे ने दी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!