होली पर्व शांति व सौहार्द से मनाने सिटी कोतवाली में शांति समिति की बैठक

0
IMG-20260302-WA0956


नशेडियों, हुड़दंगियों व नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी

मुंगेली। होली त्यौहार को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से नगर के सिटी कोतवाली प्रांगण में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में होली पर्व के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने तथा आपसी भाईचारा कायम रखने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में पुलिस प्रशासन ने उपस्थित नागरिकों एवं जनप्रतिनिधियों से अपील की कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और सामाजिक समरसता बनाए रखें। अधिकारियों ने कहा कि होली खुशियों और मेल-मिलाप का पर्व है, जिसे सभी वर्गों को मिलजुलकर शांति एवं सौहार्द के साथ मनाना चाहिए।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने अपने सुझाव रखते हुए कहा कि होली जैसे पावन पर्व पर सभी नागरिकों को आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सामाजिक एकता का परिचय देना चाहिए। उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि त्यौहार के दौरान किसी भी प्रकार की विवादित गतिविधियों से दूर रहें और प्रशासन का सहयोग करें।

बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई तथा सार्वजनिक स्थानों पर व्यवस्था बनाए रखने जैसे विषयों पर भी चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस एवं प्रशासन की टीमें सतत निगरानी रखेंगी।

अंत में सभी जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने होली पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने का संकल्प लिया। इस दौरान मुंगेली पुलिस द्वारा अपील की गई कि होली आपसी भाईचारे के साथ मनाई जाए, वहीं नशेडियों, हुड़दंगियों, नशे की हालत में तीन सवारी बाइक चलाने वालों और नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में नगर पालिका उपाध्यक्ष जय प्रकाश मिश्रा, अति. पुलिस अधीक्षक मयंक तिवारी, एसडीएम अजय शतरंज, नगर पालिका सीएमओ होरी सिंह ठाकुर, थाना प्रभारी कार्तिकेश्वर जांगड़े, अतिरिक्त तहसीलदार चंद्रकांत राही, नायब तहसीलदार हरीश यादव, शहर कांग्रेस अध्यक्ष दीपक गुप्ता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद, पुलिस अधिकारी एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!