NTPC World Environment Day

ऑपरेशन शंखनाद के तहत लैलूंगा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 10 गौवंश तस्करी से मुक्त

0
Screenshot_20260303_113620


रायगढ़। गोवंश संरक्षण को लेकर चलाए जा रहे ऑपरेशन शंखनाद के तहत रायगढ़ पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना लैलूंगा पुलिस ने अवैध रूप से उड़ीसा ले जाए जा रहे 10 गौवंश को तस्करों के चंगुल से मुक्त कराया है। इस दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार 02 मार्च 2026 को थाना लैलूंगा पुलिस को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति लगभग 10 नग गौवंश को बिना चारा-पानी के मारते-पीटते हुए घरघोड़ा की ओर से छाम, रेगड़ी, कुंजारा मार्ग होते हुए उड़ीसा की ओर ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी लैलूंगा उपनिरीक्षक गिरधारी साव के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल नाकेबंदी कर क्षेत्र में सघन जांच शुरू की।

नाकेबंदी के दौरान ग्राम कुंजारा के पास मुख्य मार्ग पर एक व्यक्ति 10 नग बैलों को हांकते हुए मिला। पूछताछ करने पर उसने अपना नाम श्याम सिदार (44 वर्ष), निवासी थाना फरसाबहार, जिला जशपुर बताया। जब उससे गौवंश परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका।

जांच में आरोपी का कृत्य छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं 11 के अंतर्गत अपराध पाए जाने पर उसके कब्जे से 10 गौवंश, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 2 लाख रुपये है, तथा एक लकड़ी का डंडा जब्त किया गया। थाना लैलूंगा में अपराध क्रमांक 70/2026 के तहत मामला पंजीबद्ध कर पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धाराएं भी जोड़ी गईं। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रायगढ़ जिले में गोवंश तस्करी एवं पशुओं के प्रति क्रूरता के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। गोवंश संरक्षण के लिए पुलिस की कार्रवाई लगातार और सख्ती के साथ जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!