NTPC World Environment Day

होली से पहले शिवरीनारायण पुलिस की सख्त कार्रवाई, डरावने मुखौटे जब्त

0
IMG-20260303-WA0968



जांजगीर-चांपा। होली पर्व के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा विशेष सतर्कता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शिवरीनारायण पुलिस ने क्षेत्र की विभिन्न दुकानों की जांच कर डरावने एवं भ्रामक मुखौटों को जब्त किया है, जिनका उपयोग असामाजिक तत्वों द्वारा पहचान छिपाकर हुड़दंग, मारपीट अथवा अन्य आपराधिक गतिविधियों में किए जाने की आशंका थी।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन में जिलेभर में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना शिवरीनारायण क्षेत्र में यह विशेष अभियान संचालित किया गया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि होली जैसे रंगों और उल्लास के पर्व में कुछ शरारती तत्व डरावने मुखौटों का सहारा लेकर आमजन में भय का माहौल पैदा कर सकते हैं। इसी आशंका को ध्यान में रखते हुए एहतियातन दुकानों में बिक रहे ऐसे मुखौटों को चिन्हित कर जब्त किया गया है।

थाना प्रभारी शिवरीनारायण राजीव श्रीवास्तव ने व्यापारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे होली पर्व के दौरान डरावने, आपत्तिजनक या कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रकार के मुखौटे या सामग्री की बिक्री न करें। साथ ही आम नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ त्योहार मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।

पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। त्योहार को सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पुलिस द्वारा लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है, ताकि जांजगीर-चांपा जिले में होली पर्व सौहार्दपूर्ण ढंग से मनाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!