फाग की उमंग के साथ लौट रहे भारी संख्या में श्रद्धालु ,अमरकंटक के नर्मदा तट पर फिर बढ़ी आस्था की टोली
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में पहुंच रहे श्रद्धालु जो महाप्रभु जगन्नाथ जी के पावन धाम पुरी की यात्रा कर होली खेलने उड़ीसा गए , विंध्य क्षेत्र के श्रद्धालु अब लौटते हुए पवित्र नगरी अमरकंटक पहुंचने लगे हैं । जो रीवा , सीधी , सिंगरौली , मऊगंज , सतना , मैहर सहित शहडोल , उमरिया और अनूपपुर जिलों से हजारों की संख्या में श्रद्धालु निजी वाहनों और बसों से जगन्नाथ पुरी की धार्मिक यात्रा पर गए हुए थे । अब उनकी वापसी का क्रम शुरू हो गया है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अमरकंटक में प्रवास करते हुए मां नर्मदा के पावन नर्मदा तट पर स्नान , ध्यान तथा पूजन-अर्चन कर रहे हैं ।

यात्रा के दौरान अनेक श्रद्धालु ऐसे भी थे जो जाते समय नर्मदा स्नान और दर्शन नहीं कर पाए थे । वे अब जगन्नाथ पुरी से फाग खेल कर लौटते समय अमरकंटक पहुंचकर पतित पावनी पुण्य सलिला मां नर्मदा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं । इससे पूर्व पुरी जाते समय भी हजारों श्रद्धालुओं ने अमरकंटक पहुंचकर नर्मदा स्नान , पूजन और दर्शन किए थे । अब वापसी के क्रम में भी श्रद्धालुओं की लगातार आवाजाही बनी हुई है जिसके कारण पवित्र नगरी अमरकंटक में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भीड़भाड़ देखने को मिल रही है । नर्मदा तट और मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का आस्था से भरा वातावरण दिखाई दे रहा है । स्नान , ध्यान और पूजन-अर्चन के बाद कई श्रद्धालु ढोल , टिमकी , झांझ और मंजीरे की थाप पर पारंपरिक फाग गाते हुए होली की उमंग में झूमते नजर आ रहे हैं । रस से भरे फाग गीतों और भक्तिभाव से सराबोर इस माहौल ने अमरकंटक की पवित्र वादियों को भी रंग और भक्ति के अनूठे संगम से भर दिया है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




