होली में नाचने की बात पर विवाद, जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260306-WA0588

रायपुर। होली के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने के मामले में धरसींवा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी मयंक साहू निवासी ग्राम सांकरा ने पुलिस चौकी सिलतरा, थाना धरसींवा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2 बजे वह अपने छोटे भाई शिखर साहू, चचेरे भाई दिपांशु साहू, मोहनिश साहू और गिरीराज साहू के साथ बजरंग चौक में होली खेल रहा था। इसी दौरान गांव के हिम्मत मनहर अपने साथियों लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया और कोमल मनहर के साथ वहां पहुंचे और सभी के साथ नाचने लगे।

नाचते समय आरोपियों ने शिखर साहू के साथ धक्का-मुक्की शुरू कर दी। शिखर ने उन्हें आराम से नाचने के लिए कहा तो वे विवाद करने लगे। बाद में प्रार्थी ने सभी को समझाकर वहां से भेज दिया। शाम करीब 5 बजे प्रार्थी के चचेरे भाई मोहनिश साहू ने बताया कि हिम्मत मनहर अपने साथियों के साथ शिखर साहू के साथ मारपीट कर रहा है।

मौके पर पहुंचने पर प्रार्थी ने देखा कि लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया, कोमल मनहर और हिम्मत मनहर मिलकर शिखर साहू से मारपीट कर रहे थे। इसी दौरान हिम्मत मनहर ने अपनी पैंट से चाकू निकालकर शिखर साहू पर वार किया, जिसे उसने हाथ से पकड़ लिया। बीच-बचाव करने पहुंचे प्रार्थी पर भी लोकेश्वर घृतलहरे ने चाकू से हमला कर दिया और शिखर साहू को दबोचकर उसके सीने में चाकू से वार कर दिया। इसके बाद सभी आरोपी मोटरसाइकिल से मौके से फरार हो गए।

प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना धरसींवा में अपराध क्रमांक 123/26 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला, नगर पुलिस अधीक्षक लम्बोदर पटेल और चौकी प्रभारी सिलतरा उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह कंवर को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

इसके बाद चौकी सिलतरा पुलिस की टीम ने प्रार्थी और अन्य गवाहों से पूछताछ कर आरोपियों की तलाश शुरू की और संभावित ठिकानों पर दबिश देकर लोकेश्वर उर्फ लुकेश्वर धृतलहरे, कोमल बंजारे, हिम्मत मनहर और हरीश डहरिया को पकड़ लिया। पूछताछ में चारों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो चाकू और एक मोटरसाइकिल जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!