अमरकंटक की मिनी स्मार्ट सिटी की सड़कें गड्ढों में तब्दील ,
नागरिकों और पर्यटकों को हो रही भारी परेशानी
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में मिनी स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत निर्मित सड़कों की स्थिति दिनों-दिन चिंताजनक होती जा रही है । जिन सड़कों को नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात के उद्देश्य से बनाया गया था वे आज जगह-जगह गड्ढों में तब्दील होकर आमजन के लिए भारी परेशानीयों का कारण बन गया हैं ।

अमरकंटक नगर की लगभग आधी आबादी वार्ड क्रमांक 1 से लेकर वार्ड क्रमांक 4 , 5 तथा 6 तक निवास करती है साथ ही अमरकंटक आने वाले श्रद्धालु , पर्यटक भी भ्रमण के दौरान गुजरते है किंतु इन क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली सड़कों की जर्जर हालत ने स्थानीय नागरिकों और अन्य का जीवन कठिन बना दिया है । जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को आए दिन दुर्घटना का खतरा बना रहता है वहीं पैदल चलने वाले लोगों , बुजुर्गों तथा स्कूली बच्चों को भी भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है ।
विशेष रूप से शहडोल हाईवे से बराती तक तथा बराती से गुम्मा घाटी होते हुए कपिलधारा मार्ग तक की सड़क की हालत अत्यंत खराब हो चुकी है । बरसात के समय इन सड़कों के गड्ढों में पानी भर जाने से स्थिति और भी विकट हो जाती है जिससे आवागमन लगभग बाधित हो जाता है ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यह मार्ग न केवल नगरवासियों के लिए बल्कि अमरकंटक आने वाले हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है । सड़क की खराब स्थिति से नगर की छवि पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है ।
नगरवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि इन सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराई जाए ताकि आमजन को राहत मिल सके और अमरकंटक जैसे धार्मिक एवं पर्यटन स्थल की गरिमा भी बनी रहे ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




