सिल्ली के पास भीषण सड़क हादसा: स्विफ्ट और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, दो युवक गंभीर
•तेज रफ्तार कार के परखच्चे उड़े, ग्रामीणों की मदद से घायलों को निकाला गया; प्राथमिक उपचार के बाद मुंगेली अस्पताल रेफर
मुंगेली/सेतगंगा । मुंगेली–फास्टरपुर राष्ट्रीय मार्ग पर ग्राम सिल्ली के पास बुधवार रात लगभग 8 बजे भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। पंडरिया से मुंगेली की ओर आ रही तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और मुंगेली से पंडरिया की ओर जा रही एक पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्विफ्ट कार के परखच्चे उड़ गए और टक्कर की आवाज आसपास के गांवों तक सुनाई दी।

हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुर्घटना के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई थी और दोनों युवक वाहन के अंदर फंस गए थे। घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद घायलों को वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय पुलिस को सूचना दी और डायल 112 पर कॉल कर घटना की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम और फास्टरपुर-सेतगंगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें मुंगेली जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना के बाद सड़क पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर इस हादसे का कारण स्विफ्ट कार की तेज रफ्तार को माना जा रहा है।
फास्टरपुर-सेतगंगा थाना प्रभारी लक्ष्मण खूंटे ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।


The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




