सड़क विवाद के बाद गैस ऑफिस में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट, युवक गिरफ्तार

0
IMG-20260314-WA0376


मोटरसाइकिल सवार ने पीछा कर कार्यालय में की थी हाथापाई, गैर-जमानती धाराओं में कार्रवाई

रायगढ़। सड़क पर मामूली कहासुनी के बाद गैस एजेंसी कार्यालय में घुसकर डिलीवरी बॉय से मारपीट करने वाले युवक को चक्रधरनगर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी राजा अग्रवाल ने 12 मार्च 2026 को थाना चक्रधरनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 11 मार्च 2026 की सुबह करीब 10:30 बजे वह अपने ऑटो से प्रियदर्शनी एचपी गैस ऑफिस, दुर्गा मंदिर के सामने बोईरदादर रोड स्थित कार्यालय में गैस की होम डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान सुभाष चौक के पास एक मोटरसाइकिल चालक से साइड देने की बात को लेकर उसकी मामूली बहस हो गई।

इसके बाद वह अपने काम के लिए गैस ऑफिस पहुंच गया, लेकिन मोटरसाइकिल चालक उसका पीछा करते हुए वहां तक आ गया। आरोप है कि युवक गैस ऑफिस के अंदर घुस गया और अश्लील गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट करने लगा। घटना के दौरान कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों ने बीच-बचाव कर किसी तरह स्थिति को शांत कराया।

मारपीट करने वाले युवक से जब नाम-पता पूछा गया तो उसने अपना नाम रिहान खान निवासी छोटा अतरमुड़ा, जिला पंचायत के पीछे, थाना चक्रधरनगर जिला रायगढ़ बताया।

प्रार्थी की शिकायत पर थाना चक्रधरनगर में अपराध क्रमांक 96/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115(2) और 333 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने प्रार्थी का चिकित्सकीय परीक्षण कराया और आरोपी की तलाश शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने गैस ऑफिस के अंदर घुसकर डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने की बात स्वीकार कर ली। इसके बाद पुलिस ने आरोपी रिहान खान (23 वर्ष), पिता मोहम्मद रईस खान, निवासी छोटा अतरमुड़ा को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने सख्त संदेश देते हुए कहा है कि कानून व्यवस्था भंग करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर मारपीट या गुंडागर्दी करने वालों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि या गुंडागर्दी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!