बुलडोजर कार्रवाई के 2 माह बाद फिर अतिक्रमण! पुराना बस स्टैंड स्थित अपोलो फार्मेसी में दोबारा अवैध निर्माण शुरू

0
Screenshot_20260314_121219

मुंगेली । मुंगेली शहर के पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में स्थित अपोलो फार्मेसी पर करीब दो माह पहले जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलाया था। उस समय नगर पालिका, नजूल विभाग और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अवैध निर्माण को ध्वस्त कर दिया था। लेकिन अब हैरानी की बात यह है कि उसी स्थान पर एक बार फिर अतिक्रमण कर अवैध निर्माण शुरू कर दिया गया है।

पहले

जानकारी के अनुसार अपोलो फार्मेसी बिल्डिंग के स्वामी द्वारा दोबारा निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे प्रशासन की पूर्व कार्रवाई पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब प्रशासन ने पहले ही अवैध निर्माण को हटाया था, तो फिर उसी स्थान पर दोबारा निर्माण कैसे शुरू हो गया। इसे लेकर लोगों में चर्चा है कि आखिर इतनी बड़ी कार्रवाई के बाद भी बिल्डिंग मालिक की इतनी हिम्मत कैसे हो गई कि वह प्रशासन को चुनौती देते हुए फिर से निर्माण करा रहे हैं।

इस मामले में संबंधित विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यदि दोबारा अतिक्रमण कर अवैध निर्माण किया जा रहा है तो यह पूरी तरह गलत है। शिकायत या जानकारी मिलने पर इसकी जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शिकायत के बाद हुई थी कार्रवाई
बताया जाता है कि इस पूरे मामले की शुरुआत नगर के निवासी किशोर बैरागी द्वारा की गई शिकायत से हुई थी। उन्होंने कलेक्टर के जनदर्शन कार्यक्रम में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि दुकान स्वामिनी श्रीमती रुचि जैन (पति गौतम जैन) द्वारा स्वीकृत भूमि से अधिक क्षेत्र पर कब्जा कर दुकान का निर्माण किया गया है।

कलेक्टर ने शिकायत पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका और नजूल विभाग को संयुक्त जांच के निर्देश दिए थे। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि संबंधित पक्ष हाईकोर्ट में भी अपना पक्ष मजबूत तरीके से प्रस्तुत नहीं कर सका था। प्रशासन द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद दुकान मालिक वैध दस्तावेज पेश नहीं कर पाए थे और सुनवाई के दौरान अतिक्रमण को लेकर कोई ठोस प्रमाण भी नहीं दे सके थे।

इसके बाद जिला प्रशासन, नगर पालिका और नजूल विभाग की टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण को बुलडोजर से ढहा दिया था।

अब करीब दो माह बाद उसी जगह फिर से निर्माण कार्य शुरू होने से प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि यह निर्माण फिर से अवैध तरीके से किया जा रहा है, तो यह सीधे तौर पर प्रशासन की कार्रवाई को चुनौती देने जैसा है।

अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस मामले में दोबारा सख्त कदम उठाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!