NTPC World Environment Day

रायपुर में ज्वेलरी दुकान में चोरी: महिला सहित 2 आरोपी गिरफ्तार, 5.33 लाख के जेवर बरामद

0
Screenshot_20260314_193403

रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र में ज्वेलरी दुकान से चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले महिला सहित दो आरोपियों को पुलिस ने महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के जेवर और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। जब्त मशरूका की कुल कीमत लगभग 5 लाख 33 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस के अनुसार इस मामले में थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 208/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों से अन्य चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।

ज्वेलरी खरीदने के बहाने की चोरी

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 मार्च 2026 को एक ज्वेलरी दुकान के संचालक ने थाना टिकरापारा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उसी दिन दोपहर करीब 3:30 बजे एक महिला और एक युवक उनकी दुकान पर सोने का रानी हार खरीदने के बहाने पहुंचे।

उस समय दुकान में संचालक का पुत्र भी मौजूद था। दोनों ने दुकान में रखे कई आभूषण देखने की बात कही। इसी दौरान महिला ने चालाकी से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली, सोने की अंगूठी, चांदी की पायल और चांदी की बिछिया पहन ली।

इसके बाद महिला ने बहाना बनाया कि उसकी सहेली बैंक से पैसे लेकर आ रही है और वह एक और हार खरीदेगी। कुछ देर बाद वह फोन पर बात करने का नाटक करते हुए दुकान से बाहर चली गई और यह कहकर निकल गई कि वह अपनी सहेली को लेकर आती है।

जब काफी देर तक महिला वापस नहीं आई तो दुकान संचालक और उसके पुत्र को शक हुआ। इसी दौरान महिला के साथ आए युवक से पूछताछ की गई, जिसने अपना नाम मेषराम साहू और महिला का नाम कमलेश्वरी साहू बताया। पूछताछ के दौरान युवक भी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।

पुलिस ने तुरंत शुरू की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (वेस्ट) संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटिल ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और चोरी गए जेवरों की बरामदगी के निर्देश दिए।

थाना टिकरापारा पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर प्रार्थी, उसके पुत्र और पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की गई और तकनीकी सहायता से महिला आरोपी के भागने के संभावित रास्तों की जानकारी जुटाई गई।

दुर्ग से महिला आरोपी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने दुर्ग पुलिस से समन्वय स्थापित किया। तकनीकी साक्ष्यों और पतासाजी के आधार पर फरार महिला आरोपी को दुर्ग शहर से चोरी किए गए जेवरों सहित गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से सोने का रानी हार, सोने की चांद बाली (एक जोड़ी), सोने की अंगूठी, चांदी की पायल (एक जोड़ी), चांदी की बिछिया (तीन जोड़ी) और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त कर ली।

ये हैं गिरफ्तार आरोपी

पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है—

  • कमलेश्वरी साहू (35 वर्ष), निवासी ग्राम चांपा, बजरंग चौक के पास, थाना चांपा, जिला जांजगीर-चांपा
  • मेषराम साहू (21 वर्ष), निवासी ग्राम बिरोदा, बकतरा रोड के पास, थाना अभनपुर, जिला रायपुर

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में थाना टिकरापारा से उप निरीक्षक बालेश्वर लहरे, प्रधान आरक्षक दानेश्वर साहू, महिला प्रधान आरक्षक सरोज वर्मा, आरक्षक सुरजीत सेंगर, राजेश सिंह, अरुण ध्रुव, सुदर्शन राजपूत और महिला आरक्षक पुष्पलता परस्ते सहित दुर्ग पुलिस की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर उनसे अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!