वन विभाग के नए मुखिया की तलाश तेज, एक्सटेंशन पर भी मंथन
31 मई को सेवानिवृत्त होंगे श्रीनिवास राव, अरुण पाण्डेय और ओपी यादव प्रमुख दावेदार
रायपुर । छत्तीसगढ़ में वन विभाग के शीर्ष पद को लेकर हलचल तेज हो गई है। वर्तमान पीसीसीएफ एवं विभाग प्रमुख श्रीनिवास राव 31 मई को सेवानिवृत्त होने जा रहे हैं, जिसके चलते उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई है। साथ ही उनके कार्यकाल में एक्सटेंशन दिए जाने की संभावनाओं पर भी चर्चा तेज है।
सूत्रों के अनुसार, श्रीनिवास राव पिछले ढाई वर्षों से इस पद पर कार्यरत हैं और अपने कार्यकाल विस्तार को लेकर सक्रिय बताए जा रहे हैं। उनके प्रशासनिक अनुभव और उच्च स्तर पर मजबूत संपर्कों के चलते उन्हें एक्सटेंशन मिलने की अटकलें लगाई जा रही हैं।
वहीं, वन विभाग में वरिष्ठता के आधार पर अरुण पाण्डेय को प्रमुख दावेदार माना जा रहा है। वे विभाग के सबसे वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों में शामिल हैं और “माटी पुत्र” होने के कारण उन्हें स्थानीय समर्थन भी प्राप्त है। इसके अलावा ओपी यादव का नाम भी प्रमुख रूप से चर्चा में है, जो अंबिकापुर क्षेत्र से आते हैं और अनुभव के आधार पर मजबूत दावेदारी रखते हैं।
प्रशासनिक गलियारों में चर्चा है कि सरकार जल्द ही इस पद को लेकर निर्णय ले सकती है, हालांकि वर्तमान में विभिन्न राज्यों में चल रहे चुनावों के कारण बड़े प्रशासनिक फेरबदल में थोड़ी देरी संभव है।
इधर, रायपुर संभाग के कमिश्नर महादेव कांवरे भी इसी माह सेवानिवृत्त हो रहे हैं, जिससे प्रशासनिक स्तर पर और भी बदलाव की संभावनाएं बन रही हैं। सरकार को इन महत्वपूर्ण पदों पर नियुक्तियों को लेकर जल्द निर्णय लेना होगा।
इसके अलावा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग (PHE) में भी नए प्रमुख अभियंता की तलाश जारी है। फिलहाल मरकाम को कार्यवाहक प्रमुख अभियंता बनाया गया है। वहीं लोक निर्माण विभाग (PWD) में भी कार्यवाहक व्यवस्था के तहत काम चल रहा है, जिससे स्थायी नियुक्ति की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
कुल मिलाकर, छत्तीसगढ़ में प्रशासनिक ढांचे में जल्द बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.




