मोबाइल से लोन दिलाने के नाम पर ठगी, दुकानदारों को बनाता था निशाना, आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

0
IMG-20260415-WA1694

मल्हार । थाना मस्तूरी क्षेत्र में ऑनलाइन लोन दिलाने के नाम पर ग्रामीण दुकानदारों से ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी बड़ी चालाकी से किराना दुकानदारों और छोटे व्यापारियों को अपने झांसे में लेकर उनके मोबाइल फोन के माध्यम से लोन स्वीकृत कराता था और राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर फरार हो जाता था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी शिवकुमार राय, निवासी ग्राम चकरबेड़ा मल्हार, ने चौकी मल्हार में उपस्थित होकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि उसका परिचित गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन, निवासी ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी, द्वारा उसे ऑनलाइन लोन दिलाने का प्रलोभन दिया गया। आरोपी ने भरोसा जीतते हुए प्रार्थी का मोबाइल अपने कब्जे में लिया और ऑनलाइन प्रक्रिया पूरी कर लोन स्वीकृत करा दिया।

लोन की राशि खाते में आते ही आरोपी ने बिना जानकारी दिए 80 हजार रुपए अपने खाते में ट्रांसफर कर लिए। बाद में प्रार्थी को गुमराह करते हुए कहा गया कि लोन कंपनी से पूरी राशि आने पर पैसे वापस कर दिए जाएंगे। संदेह होने पर प्रार्थी ने मल्हार स्थित बैंक ऑफ महाराष्ट्र शाखा में जाकर जानकारी ली, जहां पता चला कि उसके नाम से स्वीकृत लोन की राशि अलग-अलग किस्तों में आरोपी द्वारा अपने खाते में स्थानांतरित कर ली गई है।

जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी केवल एक व्यक्ति तक सीमित नहीं था, बल्कि वह पेटीएम बॉक्स सुधारने, डिजिटल पेमेंट सुविधा दिलाने और लोन प्रक्रिया समझाने के नाम पर अन्य ग्रामीण दुकानदारों को भी अपना शिकार बनाता था। आरोपी दुकानों में जाकर तकनीकी सहायता का झांसा देता, मोबाइल अपने पास लेता और उसी दौरान ऑनलाइन लोन प्रक्रिया पूरी कर राशि अपने खाते में ट्रांसफर कर लेता था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए इसकी जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनीश सिंह को दी गई, जिन्होंने तत्काल आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) मधुलिका सिंह तथा एसडीओपी मस्तूरी एल.सी. मोहल्ले के मार्गदर्शन में पुलिस टीम का गठन किया गया।

पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुखबिर की सूचना पर आरोपी को उसके ग्राम धुर्वाकारी से घेराबंदी कर पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है, जिसमें ऑनलाइन लेन-देन से संबंधित महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए हैं।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोपी कश्यप उर्फ गोपी किशन (32 वर्ष), पिता सुरेंद्र वर्मा, निवासी ग्राम धुर्वाकारी थाना पचपेड़ी के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विधिवत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी ने और कितने लोगों को इस प्रकार ठगी का शिकार बनाया है।

पूरे मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी में उप निरीक्षक अवधेश सिंह, आरक्षक रमेश साहू, किशन राय, अभिजीत और सुखदेव पाल सहित पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका रही।

पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात या संदिग्ध व्यक्ति को अपना मोबाइल फोन या बैंकिंग संबंधी जानकारी न दें और किसी भी प्रकार के ऑनलाइन लोन या डिजिटल लेन-देन के दौरान सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की ठगी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

error: Content is protected !!