शिवनाथ नदी में दर्दनाक हादसा: नहाने गए 5 दोस्तों में 2 की डूबने से मौत

0
04-30

दुर्ग । छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रविवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जहां पिकनिक मनाने गए पांच दोस्तों में से दो युवकों की शिवनाथ नदी में डूबने से मौत हो गई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के छातागढ़ पिकनिक स्पॉट की है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कैलाश नगर निवासी पांच दोस्त एक साथ घूमने के लिए छातागढ़ पिकनिक स्पॉट पहुंचे थे। यहां पहुंचकर उन्होंने शिवनाथ नदी में नहाने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि किसी भी युवक को तैरना नहीं आता था, इसके बावजूद सभी नदी में उतर गए।

नहाने के दौरान अचानक दो युवक नदी के गहरे हिस्से में चले गए, जहां पानी की गहराई करीब 10 से 12 फीट बताई जा रही है। गहराई का अंदाजा न होने के कारण दोनों युवक बाहर नहीं निकल सके और डूब गए। मृतकों की पहचान मोहम्मद फैजल (21 वर्ष) और मोहम्मद ईशांत (13 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, अन्य तीन युवक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे।

NTPC World Environment Day

घटना के तुरंत बाद साथियों ने परिजनों, पुलिस और एसडीआरएफ को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। काफी देर तक चले सर्च अभियान के बाद रात करीब 8 बजे दोनों युवकों के शव नदी से बरामद किए गए।

पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे के बाद मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बिना तैराकी ज्ञान और सुरक्षा उपायों के नदी में उतरना इस हादसे की मुख्य वजह बना। स्थानीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel
error: Content is protected !!