रासायनिक खाद समर्थन मूल्य को लेकर मुंगेली में फुटकर विक्रेताओं की बैठक, समाधान तक खरीदी बंद रखने का निर्णय
मुंगेली। जिले में रासायनिक खाद निर्धारित समर्थन मूल्य पर उपलब्ध नहीं होने से नाराज फुटकर खाद विक्रेता संघ ने सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में शहर के सिंधु पैलेस में जिलेभर के फुटकर खाद विक्रेताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें खाद की खरीदी-बिक्री में आ रही समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में उपस्थित विक्रेताओं ने एकमत से निर्णय लिया कि जब तक खाद के समर्थन मूल्य से संबंधित समस्याओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक जिले का कोई भी फुटकर विक्रेता खाद की खरीदी नहीं करेगा। विक्रेताओं का कहना है कि वर्तमान व्यवस्था में उन्हें आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ रहा है, जिससे व्यवसाय प्रभावित हो रहा है।

बैठक के दौरान संघ के पदाधिकारियों का भी चयन किया गया। इसमें मुंगेली के प्रताप राय राजेश, खपरी कला के शैलेंद्र केसरवानी, पौनी के अनुराग सिंह ठाकुर एवं सेतगंगा के भागीरथी सिंह ठाकुर को संरक्षक बनाया गया। वहीं लोरमी के हरेंद्र चंद्राकर को संघ का अध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके साथ ही मुंगेली के मनेंद्र सिंह गुंबर को महामंत्री, सजल गुप्ता को कोषाध्यक्ष तथा राजा राजेश, पथरिया के विष्णु साहू एवं देवरहट के द्वारका कश्यप को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। सेतगंगा के मुकेश साहू को मंत्री बनाया गया, जबकि विनोद चंद्राकर, रुपेश गभेल और शरद जायसवाल को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने एकजुटता का परिचय देते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर नगर के पत्रकारों का भी सम्मान किया गया, जिसके लिए विक्रेताओं ने आभार व्यक्त किया।
विक्रेता संघ ने प्रशासन से मांग की है कि खाद की उपलब्धता एवं समर्थन मूल्य से जुड़ी समस्याओं का शीघ्र निराकरण किया जाए, ताकि किसानों और व्यापारियों दोनों को राहत मिल सके।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.


