उत्कल गौरव मधुसूदन दास की जयंती पर रायपुर में श्रद्धांजलि, जनप्रतिनिधियों ने किया नमन
रायपुर। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी एवं महान समाज सुधारक मधुसूदन दास की जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। रायपुर नगर पालिक निगम के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जोन क्रमांक 4 के सहयोग से महिला पुलिस थाना चौक के समीप स्थित उनकी प्रतिमा स्थल पर पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य शहरी दुग्ध महासंघ के अध्यक्ष केदारनाथ गुप्ता, नगर निगम संस्कृति विभाग के अध्यक्ष अमर गिदवानी, रायपुर शहर जिला भाजपा अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उत्कल गौरव को नमन किया और उनके योगदान को याद किया।
कार्यक्रम में सिविल लाइन क्षेत्र के पार्षद प्रतिनिधि संतोष संजना हियाल, सदर बाजार मंडल अध्यक्ष संतोष सोनी, सामाजिक कार्यकर्ता अजीत सेनापति समेत बड़ी संख्या में नागरिक शामिल हुए। वहीं नगर निगम जोन 4 की जोन कमिश्नर डॉ. दिव्या चंद्रवंशी, सहायक अभियंता दीपक देवांगन सहित निगम अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि मधुसूदन दास का जीवन समाज सेवा, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सुधार के लिए समर्पित रहा। उन्होंने समाज में शिक्षा, समानता और न्याय के लिए जो कार्य किए, वे आज भी प्रेरणादायक हैं। ऐसे महान व्यक्तित्व की जयंती पर उनके विचारों को आत्मसात करना ही सच्ची श्रद्धांजलि है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित होने की बात कही।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
