अमरकंटक में अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई , चार अवैध निर्माण हटाए गए
संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय
अमरकंटक – मां नर्मदा जी की उद्गम स्थली पवित्र नगरी अमरकंटक में नगर परिषद द्वारा अवैध अतिक्रमण के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है । इसी क्रम में आज बुधवार दिनांक 29/04/26 को वार्ड क्रमांक 12 स्थित पुराने नर्मदा मंदिर मार्ग पर शिव प्रसाद गौतम के मकान के सामने बने अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की गई ।
नगर परिषद की टीम ने मुख्य नगरपालिका अधिकारी चैन सिंह परस्ते की मौजूदगी में अमरकंटक पुलिस एवं राजस्व विभाग के संयुक्त सहयोग से यह अभियान चलाया । कार्रवाई सुबह लगभग 11 बजे प्रारंभ हुई जिसके दौरान क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो ।
कार्रवाई के दौरान दो टीन शेड मकान , एक दुकान सहित कुल तीन झुग्गी-झोपड़ियों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया । वहीं वार्ड क्रमांक 10 रामघाट क्षेत्र में पूर्व से निर्मित यज्ञशाला को भी इस अभियान के तहत हटाया गया । इस प्रकार कुल चार अवैध अतिक्रमणों पर प्रशासन ने कार्रवाई की ।
नगर परिषद के अधिकारियों के अनुसार संबंधित निर्माण बिना अनुमति के शासकीय भूमि पर किए गए थे , जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन था । अधिकारियों ने बताया कि अतिक्रमण हटाने से पूर्व संबंधित पक्षों को आवश्यक नोटिस जारी किए गए थे लेकिन निर्धारित समयावधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के कारण प्रशासन को यह सख्त कदम उठाना पड़ा ।
स्थानीय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण विरोधी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और अवैध निर्माणों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी । प्रशासन का कहना है कि किसी भी हालत में शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा या निर्माण नहीं होने दिया जाएगा । नगर की व्यवस्था , स्वच्छता और सौंदर्य बनाए रखने के लिए इस प्रकार की कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी ।
नगर परिषद ने नागरिकों से भी अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और बिना अनुमति किसी भी प्रकार का निर्माण न करें अन्यथा प्रशासनिक कार्रवाई का सामना करना पड़ सकता है ।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
