मुंगेली के गुरुदयाल ने बढ़ाया जिले का मान, इंडियन फॉरेस्ट सर्विस में हासिल की 105वीं रैंक

0
IMG-20260509-WA0206

पलानसरी गांव के साधारण परिवार से निकलकर IFS में चयन, क्षेत्र में खुशी की लहर

मुंगेली । जिले के ग्राम पलानसरी के रहने वाले गुरुदयाल ने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनके चयन की खबर सामने आते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

गुरुदयाल, ग्राम पलानसरी निवासी सचिव काशीराम के पुत्र हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने कठिन मेहनत और निरंतर संघर्ष के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की। बताया जा रहा है कि उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर में प्राप्त की। 10वीं और 12वीं की पढ़ाई के दौरान भी वे लगातार मेधावी छात्र रहे। इसके बाद आगे की पढ़ाई के लिए वे असम गए, जहां से उच्च शिक्षा प्राप्त की।

पढ़ाई के प्रति समर्पण और प्रशासनिक सेवा में जाने के लक्ष्य को लेकर उन्होंने राजस्थान के कोटा में भी अध्ययन किया। बाद में दिल्ली में रहकर इंडियन फॉरेस्ट सर्विस की तैयारी शुरू की। वर्षों की मेहनत, अनुशासन और संघर्ष के बाद आखिरकार उन्होंने सफलता हासिल कर अपने परिवार और जिले का सपना पूरा कर दिया।

गुरुदयाल की इस उपलब्धि को लेकर गांव के युवाओं में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त करना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।

उनके चयन पर लोगों ने “जय भीम, जय संविधान” और “गुरु घासीदास बाबा की कृपा सदैव बनी रहे” जैसे संदेशों के साथ शुभकामनाएं दी हैं। सोशल मीडिया में भी लगातार उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।

ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने कहा कि गुरुदयाल ने यह साबित कर दिया कि मेहनत, लगन और सही दिशा में निरंतर प्रयास से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनकी सफलता से मुंगेली जिले का गौरव बढ़ा है और आने वाली पीढ़ियों को नई प्रेरणा मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!