मुंगेली में स्वच्छता महा-अभियान 2026 की शुरुआत, स्वच्छता दीदियों को दिए गए कचरा प्रबंधन के गुर
मुंगेली। नगर पालिका परिषद मुंगेली द्वारा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के प्रभावी क्रियान्वयन एवं जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से नगर में “स्वच्छता महा-अभियान 2026” का वृहद आयोजन किया जा रहा है। अभियान का संचालन मुख्य नगरपालिका अधिकारी होरी सिंह ठाकुर के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसी कड़ी में वार्ड क्रमांक-17 स्थित एमआरएफ सेंटर मुंगेली में स्वच्छता दीदियों एवं सफाई कर्मचारियों के लिए विशेष कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2026 के विभिन्न प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई तथा कचरा प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।कार्यक्रम में स्वच्छता दीदियों को चार रंगों के डस्टबिन के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। इसमें गीले कचरे के लिए हरा डस्टबिन, सूखे कचरे के लिए नीला डस्टबिन, सैनिटरी अपशिष्ट के लिए पीला डस्टबिन तथा घरेलू हानिकारक कचरे के लिए काला डस्टबिन निर्धारित किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि इस व्यवस्था से आरआरआर अर्थात Reduce (कचरा कम करना), Reuse (पुनः उपयोग करना) और Recycle (पुनर्चक्रण करना) की अवधारणा को मजबूती मिलेगी।कार्यशाला के दौरान स्वच्छता दीदियों को घर-घर जाकर नागरिकों से सीधा संपर्क करने और लोगों को स्रोत स्तर पर ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें निर्देश दिए गए कि आम नागरिकों को चार अलग-अलग डस्टबिन में कचरा डालने के प्रति जागरूक करें, ताकि नगर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके। नगर पालिका परिषद ने बताया कि “स्वच्छता महा-अभियान 2026” के अंतर्गत आगामी दिनों में नगर के विभिन्न वार्डों में भी जन-जागरूकता कार्यक्रम, स्वच्छता रैली और प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.
