अग्निवीर में चयनित युवाओं का हुआ सम्मान

0
IMG-20260527-WA0836

रिपोर्टर ✒️ मनीष अग्रवाल

ग्रामीण अंचल के दीनानाथ मरावी और मनीष ध्रुव ने बढ़ाया क्षेत्र का गौरव

सरगांव। भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में पथरिया विकासखंड के ग्राम धूमा एवं बारगांव (सरगांव) के दो युवाओं के चयन से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। अग्निवीर भर्ती में चयनित दीनानाथ मरावी एवं मनीष कुमार ध्रुव का समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षकों द्वारा सम्मान किया गया।

दोनों युवाओं का चयन अग्निवीर योजना के तहत जीडी (जनरल ड्यूटी) पद पर हुआ है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद दोनों ने मेहनत, अनुशासन और लगन के दम पर यह सफलता हासिल की है।

गांव की पगडंडियों पर दौड़कर की तैयारी

मिली जानकारी के अनुसार दीनानाथ मरावी और मनीष कुमार ध्रुव अत्यंत साधारण एवं निर्धन आदिवासी परिवार से आते हैं। बचपन से ही दोनों में देशसेवा का जज्बा था। संसाधनों की कमी के बावजूद उन्होंने गांव के मैदान, पगडंडियों और सड़कों पर नियमित दौड़ लगाकर शारीरिक दक्षता की तैयारी की।

कड़ी मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन से दोनों युवाओं ने भारतीय सेना में चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों छात्र शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मदकू के होनहार विद्यार्थी रहे हैं।

भारत माता की जयघोष के साथ हुआ सम्मान

अग्निवीर में चयन होने पर सरगांव बस स्टैंड स्थित भक्त माता कर्मा मंदिर के पास आयोजित कार्यक्रम में दोनों युवाओं का सम्मान किया गया। वरिष्ठ समाजसेवी बाबा परेटन गिरी एवं जनपद सदस्य व सभापति मनीष साहू ने दोनों का मुंह मीठा कराकर पुष्पमाला एवं प्रतीक चिन्ह भेंट किए। इस दौरान भारत माता की जयघोष के साथ युवाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

समाजसेवी बाबा परेटन गिरी ने कहा कि दोनों युवाओं ने कठिन परिस्थितियों में सफलता हासिल कर क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा प्रस्तुत की है। वहीं जनपद सदस्य मनीष साहू ने कहा कि ग्रामीण अंचल से निकलकर देशसेवा के लिए चयनित होना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है।

शिक्षकों ने भी जताई खुशी

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों एवं गणमान्य नागरिकों ने दोनों युवाओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्रभारी प्राचार्य शंकर लाल साहू, संकुल समन्वयक भगवती प्रसाद मिश्र, दयाराम यादव, व्याख्याता राजेश कुमार साहू, हरिशंकर लहरी, नाथूराम ध्रुव, प्रधानपाठक मोतीलाल अनंत, ललित कुमार यादव, देवेन्द्र कुमार साहू तथा युवा कार्यकर्ता उदित साहू सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!