औद्योगिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने हेतु एक दिवसीय सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन

0
IMG-20260604-WA1125

रायपुर । प्रदेश के औद्योगिक प्रतिष्ठानों में दुर्घटनाओं की रोकथाम, जोखिमों के प्रभावी नियंत्रण तथा औद्योगिक सुरक्षा के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सचिव सह श्रमायुक्त, छत्तीसगढ़ शासन के निर्देशानुसार आज एनटीपीसी भवन, सेक्टर-24, नया रायपुर में एक दिवसीय सुरक्षा कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता प्रभारी संचालक,मनीष श्रीवास्तव ने की।

कार्यशाला में उप संचालक, सहायक संचालक सहित विभागीय अधिकारी एवं रायपुर जिले के समस्त अति खतरनाक एवं खतरनाक श्रेणी के कारखानों के प्रबंधन प्रतिनिधियों एवं सुरक्षा अधिकारियों ने सक्रिय सहभागिता की। साथ ही दुर्ग जिले के प्रमुख औद्योगिक प्रतिष्ठानों, जिनमें भिलाई स्टील प्लांट, एनटीपीसी-सेल पावर कंपनी तथा बलौदाबाजार स्थित अल्ट्राटेक सीमेंट के प्रतिनिधियों ने भी भाग लेकर अपने अनुभव साझा किए।

उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए प्रभारी संचालक, श्री मनीष श्रीवास्तव ने औद्योगिक इकाइयों में प्रक्रिया सुरक्षा को और अधिक मजबूत बनाने तथा श्रमिकों को नियमित, गुणवत्तापूर्ण एवं व्यवहारिक सुरक्षा प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ-साथ सुरक्षा संस्कृति का विकास भी उतना ही महत्वपूर्ण है तथा प्रत्येक उद्योग को सुरक्षा मानकों के पालन को सर्वाेच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।

NTPC World Environment Day

इस अवसर पर मुख्य बॉयलर निरीक्षक गुंजन शुक्ला ने बॉयलर संचालन एवं रखरखाव के दौरान अपनाई जाने वाली सुरक्षा सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी। तकनीकी सत्रों में विभिन्न प्रतिष्ठित उद्योगों द्वारा अपने संस्थानों में अपनाई जा रही उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं नवाचारों का प्रस्तुतीकरण किया गया। मेसर्स जायसवाल निको इंडस्ट्रीज, एनटीपीसी-सेल पावर कंपनी, भिलाई स्टील प्लांट, अडानी पावर, शारदा एनर्जी, अल्ट्राटेक सीमेंट तथा गोदावरी पावर एंड इस्पात लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने पॉवर पॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से अपनी ‘बेस्ट सेफ्टी प्रैक्टिसेस’ साझा कीं। प्रस्तुतियों में जोखिम प्रबंधन, आपदा तैयारी, प्रक्रिया सुरक्षा, कार्यस्थल सुरक्षा संस्कृति तथा दुर्घटना रोकथाम के प्रभावी उपायों पर विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यशाला का उद्देश्य विभिन्न उद्योगों के मध्य ज्ञान एवं अनुभवों का आदान-प्रदान सुनिश्चित करना तथा उत्कृष्ट सुरक्षा पद्धतियों को व्यापक स्तर पर अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना था। उल्लेखनीय है कि कार्यशाला का संचालनालय, औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा, नया रायपुर द्वारा किया गया था, जो प्रदेश में सुरक्षित औद्योगिक वातावरण के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!