NTPC World Environment Day

नर्मदा मंदिर और रामघाट में जबरन चंदन तिलक लगाने वालों पर नगर परिषद की कार्रवाई

0
IMG-20260609-WA1202

संवाददाता – श्रवण कुमार उपाध्याय

अमरकंटक – मां नर्मदा की उद्गम स्थली / पवित्र नगरी अमरकंटक में नर्मदा मंदिर एवं रामघाट क्षेत्र में श्रद्धालुओं , तीर्थयात्रियों और पर्यटकों को जबरन चंदन तिलक लगाकर मनमाने ढंग से पैसे मांगने तथा परेशान करने की लगातार मिल रही शिकायतों पर अमरकंटक नगर परिषद ने मंगलवार को कार्रवाई की ।

नगर परिषद की टीम ने ऐसे लोगों के पास से चंदन तिलक लगाने में प्रयुक्त सामग्री जब्त की तथा भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की सख्त हिदायत दी । बताया गया कि लंबे समय से कुछ नाबालिग लड़के-लड़कियां , महिलाएं , पुरुष एवं बुजुर्ग भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बिना अनुमति तिलक लगाकर धनराशि की मांग करते है , जिससे यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता था ।
स्थानीय लोगों के अनुसार ऐसे भीड़ भाड़ और स्नान करने के दौरान कई बार श्रद्धालुओं के मोबाइल, पर्स, कपड़े तथा अन्य सामान चोरी होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं । मंगलवार को भी रामघाट में स्नान करने आए राजस्थान के एक श्रद्धालु के कपड़े, मोबाइल फोन, पर्स और चश्मा चोरी होने की सूचना मिली है ।

नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) चैन सिंह परस्ते ने बताया कि इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त लोगों को पूर्व में भी समझाइश दी जा चुकी है । इसके बावजूद यदि कोई व्यक्ति दोबारा ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी ।
नगर परिषद ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों से भी अपील की है कि वे अपने सामान की सुरक्षा स्वयं सुनिश्चित करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल प्रशासन या पुलिस को दें ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!