संभागीय संयुक्त संचालक डॉ. गायत्री बांधी ने मुंगेली जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को सराहाऔचक निरीक्षण में स्वास्थ्य केंद्रों व जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के दिए निर्देश

0
IMG-20260620-WA0726

मुंगेली। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की संभागीय संयुक्त संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं बिलासपुर डॉ. गायत्री बांधी ने 19 जून 2025 को मुंगेली जिले के स्वास्थ्य केंद्रों एवं जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिले में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने मुंगेली जिले की कार्यप्रणाली की सराहना की।

निरीक्षण की शुरुआत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र दशरंगपुर से हुई। यहां डॉ. बांधी ने लेबर रूम, वैक्सीन स्टोरेज, दवा भंडार, पट्टी कक्ष, प्रसूति वार्ड, योगा पटल तथा शौचालय की स्वच्छता का बारीकी से निरीक्षण किया। साथ ही अस्पताल के विभिन्न रजिस्टर एवं दस्तावेजों का अवलोकन कर स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की जानकारी ली। उन्होंने प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीनाक्षी बंजारे की कार्यशैली, नेतृत्व क्षमता तथा स्वास्थ्य कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी रखने पर विशेष प्रशंसा करते हुए बधाई दी।

इसके बाद डॉ. बांधी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सेतगंगा पहुंचीं, जहां अस्पताल के दस्तावेजों और स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वहां पदस्थ फार्मासिस्ट के कार्य एवं विभागीय जानकारी की सराहना की। वहीं स्थानीय आरएमए को विभागीय योजनाओं की अपेक्षाकृत कम जानकारी होने पर कार्यप्रणाली में सुधार लाने हेतु चेतावनी दी।

NTPC World Environment Day

निरीक्षण के अगले चरण में डॉ. बांधी ने जिला अस्पताल मुंगेली का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, अटल आरोग्य लैब, रेडियोलॉजी विभाग, स्कैन एवं एक्स-रे यूनिट, डेंटल यूनिट, डायलिसिस यूनिट, सिकल सेल यूनिट, ब्लड बैंक, दवा वितरण कक्ष, इमरजेंसी सेवाओं सहित अन्य आवश्यक इकाइयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया।

निरीक्षण के पश्चात जिला अस्पताल के सभाकक्ष में सीएमएचओ कार्यालय एवं जिला अस्पताल के चिकित्सकीय और नर्सिंग स्टाफ की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार बेस अटेंडेंस, नेक्स्ट जेन एंट्री, आयुष्मान भारत योजना, आभा आईडी, आरसीएच 2.0, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं, टीकाकरण कार्यक्रम, गैर-संचारी रोग नियंत्रण कार्यक्रम, मौसमी बीमारियों की रोकथाम तथा अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

डॉ. बांधी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शत-प्रतिशत अधिकारी एवं कर्मचारी नियमित रूप से आधार बेस अटेंडेंस दर्ज करें तथा स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित रूप से पहुंचे। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध उपचार उपलब्ध कराने, आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता बनाए रखने तथा स्वच्छता एवं संक्रमण नियंत्रण संबंधी मानकों का कड़ाई से पालन करने पर जोर दिया।

बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की लक्ष्य प्राप्ति एवं क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा हुई। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और क्रियान्वयन में आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण किया जाए। डॉ. बांधी ने जिला अस्पताल मुंगेली एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरगांव में डीएमएफ मद से स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ तथा अस्थिरोग विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए कलेक्टर से समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रयास करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण एवं समीक्षा बैठक के दौरान संभागीय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. रविशंकर प्रसाद देवांगन भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर डॉ. शीला साहा, डॉ. गिरीश कुर्रे, डॉ. एम.के. राय, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला क्षय नियंत्रण अधिकारी, समस्त खंड चिकित्सा अधिकारी, कार्यक्रम प्रबंधक एवं स्वास्थ्य विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!