“ऑपरेशन क्लीन हंट” में बड़ी सफलता, CHP चौक हिंसा का मुख्य आरोपी राजेश मरकाम गिरफ्तार
रिपोर्टर ✒️ बसंत कुमार
पुलिस पर जानलेवा हमला, आगजनी और लूटपाट के चार मामलों में था नामजद; न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
रायगढ़। रायगढ़ पुलिस द्वारा फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत तमनार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। CHP चौक लिबरा हिंसा प्रकरण के मुख्य आरोपियों में शामिल राजेश मरकाम को संयुक्त पुलिस टीम ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी पुलिस पर प्राणघातक हमला, लूटपाट, आगजनी, बलवा तथा शासकीय कार्य में बाधा जैसे गंभीर अपराधों में लंबे समय से फरार चल रहा था।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत आरोपी की लगातार तलाश की जा रही थी। पुलिस के अनुसार आरोपी घटना के बाद से फरार था और विभिन्न स्थानों पर छिपकर रह रहा था।

दिसंबर 2025 से चल रहा था आंदोलन
जानकारी के अनुसार गारे पेलमा सेक्टर-01 कोयला परियोजना की जनसुनवाई के विरोध में दिसंबर 2025 से लिबरा स्थित CHP चौक पर प्रभावित गांवों के लोगों द्वारा धरना-प्रदर्शन और आर्थिक नाकेबंदी की जा रही थी। प्रशासन और पुलिस द्वारा लगातार आंदोलनकारियों को शांति बनाए रखने तथा कानून व्यवस्था का पालन करने की समझाइश दी जा रही थी।
उग्र भीड़ ने पुलिस पर बोला हमला
पुलिस के अनुसार 27 दिसंबर 2025 को कानून व्यवस्था ड्यूटी के दौरान आंदोलन अचानक हिंसक हो गया। आरोप है कि राजेश मरकाम, रूपेश पटेल, संदीप प्रधान और उनके सहयोगियों ने बड़ी संख्या में आंदोलनकारियों को उकसाया, जिसके बाद पुलिस बल पर लाठी, डंडे, टांगी और पत्थरों से हमला किया गया।
इस हिंसक हमले में कई पुलिसकर्मी घायल हुए। उपद्रवियों ने पुलिस से शासकीय वॉकी-टॉकी और मोबाइल फोन भी लूट लिए। इतना ही नहीं, उग्र भीड़ ने सड़क किनारे खड़े पुलिस वाहनों और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहनों में तोड़फोड़ कर आग लगा दी। प्लांट परिसर में भी व्यापक नुकसान पहुंचाया गया।
16 अपराध दर्ज, 22 आरोपी पहले ही गिरफ्तार
घटना के संबंध में अलग-अलग शिकायतों के आधार पर थाना तमनार में कुल 16 अपराध दर्ज किए गए हैं। पुलिस अब तक इस प्रकरण में 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
राजेश मरकाम थाना तमनार में दर्ज अपराध क्रमांक 303/2025, 306/2025, 307/2025 और 308/2025 में नामजद आरोपी था।
मुखबिर की सूचना पर दबिश
पुलिस को 1 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी ग्राम बरपाली में मौजूद है। सूचना मिलते ही तमनार और पूंजीपथरा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर उसे हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में आरोपी ने आंदोलनकारियों के साथ मिलकर हिंसक घटनाओं में शामिल होना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान आंदोलनकारियों को दुष्प्रेरित करने की भूमिका सामने आने पर मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 49 भी जोड़ी गई।
आरोपी का परिचय
गिरफ्तार आरोपी राजेश मरकाम (39 वर्ष) पिता तालम सिंह मरकाम निवासी ग्राम खडगांव, चौकी जोबी, थाना खरसिया, वर्तमान पता ग्राम कसडोल, थाना तमनार बताया गया है।
एसएसपी का सख्त संदेश
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट कहा कि—
“कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।”
पुलिस ने संकेत दिए हैं कि CHP चौक हिंसा प्रकरण में शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज किया जाएगा। यह कार्रवाई कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में पुलिस की बड़ी सफलता मानी जा रही है।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

