केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने केरल में आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

0
IMG-20260701-WA1466

शहरी विकास परियोजनाओं में तेजी, स्वच्छ भारत मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन एवं समयबद्ध निधि उपयोग के दिए निर्देश

तिरुवनंतपुरम । आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री  तोखन साहू ने अपने केरल प्रवास के दौरान तिरुवनंतपुरम स्थित मैस्कॉट होटल में केरल सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की व्यापक समीक्षा की। बैठक में उन्होंने सभी परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने, केंद्र सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए अनुदानों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने तथा शहरी विकास कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान श्री साहू ने स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) के अंतर्गत राज्य में निधियों के अपेक्षाकृत कम उपयोग पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि मिशन के तहत स्वीकृत ₹270.76 करोड़ की केंद्रीय सहायता के विरुद्ध अब तक केवल ₹52.44 करोड़ (लगभग 19 प्रतिशत) राशि का ही उपयोग किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार को उपलब्ध केंद्रीय निधियों का शीघ्र उपयोग सुनिश्चित करने तथा परियोजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन के लिए राज्यांश समय पर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

NTPC World Environment Day

स्वच्छ भारत मिशन–शहरी 2.0 की समीक्षा करते हुए श्री साहू ने आकांक्षी शौचालय परियोजना की धीमी प्रगति पर चिंता व्यक्त की तथा संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में परियोजना पूर्ण करने के लिए कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी (2.0), स्मार्ट सिटीज मिशन, शहरी परिवहन तथा अन्य प्रमुख शहरी विकास कार्यक्रमों की भी विस्तृत समीक्षा की।

स्मार्ट सिटीज मिशन के अंतर्गत परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए श्री साहू ने कहा कि राज्य में लगभग 98 प्रतिशत परियोजनाएँ पूर्ण हो चुकी हैं, किंतु सिंगल नोडल एजेंसी (SNA) के पास शेष राशि एवं अर्जित ब्याज अब भी लंबित है। उन्होंने अधिकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप शेष राशि एवं ब्याज शीघ्र मंत्रालय को हस्तांतरित करने के निर्देश दिए।

विकसित भारत के संकल्प के अनुरूप श्री साहू ने वेस्ट-टू-एनर्जी परियोजनाओं को बढ़ावा देने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गैर-पुनर्चक्रणीय ज्वलनशील ठोस अपशिष्ट से ऊर्जा उत्पादन न केवल स्वच्छ एवं टिकाऊ शहरों के निर्माण में सहायक होगा, बल्कि शहरी स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा संसाधनों के प्रभावी उपयोग को भी नई दिशा देगा।

इसके पश्चात श्री साहू ने केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (CPWD), आवास एवं शहरी विकास निगम (HUDCO) तथा राष्ट्रीय भवन निर्माण निगम (NBCC) के अधिकारियों के साथ पृथक समीक्षा बैठक की। उन्होंने लंबित परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए निर्माण गुणवत्ता के उच्चतम मानकों का पालन तथा सभी परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने हुडको को अर्बन चैलेंज फंड के अंतर्गत उपलब्ध अवसरों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार के साथ समन्वय बढ़ाने की सलाह भी दी।

अपने प्रवास के दौरान श्री साहू ने तिरुवनंतपुरम नगर निगम का दौरा कर स्मार्ट सिटीज मिशन के अंतर्गत पूर्ण की गई विभिन्न परियोजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने शहरी आधारभूत संरचना एवं नागरिक सेवाओं में हुए सुधारों की सराहना की। इस अवसर पर उन्होंने ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं जनभागीदारी के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

प्रवास के समापन पर श्री साहू ने श्री पद्मनाभस्वामी मंदिर एवं अट्टुकल भगवती मंदिर में दर्शन-पूजन कर केरल की समृद्धि, शांति एवं प्रदेशवासियों के सुख-समृद्ध जीवन की कामना की।

अपने केरल प्रवास के अगले चरण में श्री साहू तिरुवनंतपुरम समुद्र तट पर स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छता अभियान का नेतृत्व करेंगे। इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनभागीदारी को और अधिक सशक्त बनाना है। इसके उपरांत वे अपना आधिकारिक दौरा पूर्ण कर नई दिल्ली के लिए प्रस्थान करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!