4.18 किलो गांजा के साथ ओडिशा का अंतर्राज्यीय आरोपी गिरफ्तार

0
IMG-20260704-WA0792

एंटी क्राइम, साइबर यूनिट और पंडरी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2.09 लाख रुपये का मादक पदार्थ जब्त

रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक्स टॉस्क फोर्स (एएनटीएफ) तथा थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा के साथ एक अंतर्राज्यीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूलतः ओडिशा का निवासी बताया गया है, जो रायपुर में गांजा बिक्री की फिराक में घूम रहा था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 4.180 किलोग्राम गांजा बरामद किया है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 लाख 9 हजार रुपये आंकी गई है। साथ ही आरोपी से नगद 500 रुपये भी जब्त किए गए हैं। कुल जब्ती की कीमत लगभग 2.09 लाख रुपये बताई गई है।

मुखबिर की सूचना पर सक्रिय हुई पुलिस

पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को सूचना प्राप्त हुई कि थाना पंडरी क्षेत्र के कापा स्थित माल धक्का रोड के पास एक संदिग्ध व्यक्ति अपने बैग में गांजा लेकर बिक्री के उद्देश्य से मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला तथा पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

NTPC World Environment Day

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एएनटीएफ और थाना पंडरी पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर रवाना किया गया।

घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी

पुलिस टीम ने मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर संदिग्ध की पहचान की। जब टीम ने उससे पूछताछ करने की कोशिश की तो वह मौके से भागने लगा। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम मानस रंजन नाग बताया। उसके पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर उसमें गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ थाना पंडरी में अपराध क्रमांक 190/26 के तहत नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) Act की धारा 20बी के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह गांजा कहां से लेकर आया था और किन लोगों तक इसकी सप्लाई करने वाला था।

तस्करी नेटवर्क की तलाश में पुलिस

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपी से फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज के आधार पर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा रायपुर सहित अन्य क्षेत्रों में मादक पदार्थ की सप्लाई किस चैन के जरिए हो रही थी।

पुलिस का कहना है कि इस मामले में एंड-टू-एंड जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर जल्द ही अन्य आरोपियों तक पहुंचने की संभावना है।

रायपुर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में नशे के कारोबार पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है और मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!