पश्चिम क्षेत्र में अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा कसा
एक सप्ताह में 55 फरार आरोपी गिरफ्तार, 76 वारंट तामील, 53 नशे के कारोबारियों पर कार्रवाई
रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के पश्चिम क्षेत्र में अपराध नियंत्रण को लेकर चलाए गए विशेष अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) संदीप पटेल के सतत निर्देशन और प्रभावी मॉनिटरिंग में विगत एक सप्ताह के भीतर पश्चिम क्षेत्र के सभी थाना इलाकों में सघन कार्रवाई करते हुए फरार अपराधियों, वारंटियों और नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों पर शिकंजा कसा गया।
अभियान के दौरान पुलिस ने 55 फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जबकि 76 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली कर लंबित मामलों के निराकरण में उल्लेखनीय सफलता हासिल की। इसके अलावा 53 नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए आबकारी अधिनियम, एनडीपीएस एक्ट तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज किए गए।
विशेष अभियान से अपराधियों में हड़कंप
पुलिस अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी अंकुश स्थापित करना, फरार आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करना तथा न्यायालय से जारी लंबित वारंटों का त्वरित निष्पादन करना था। इसके साथ ही नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों पर कठोर नियंत्रण स्थापित करना भी प्राथमिकता में शामिल रहा।

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम), सहायक पुलिस आयुक्तों, थाना प्रभारियों तथा पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने योजनाबद्ध रणनीति के तहत संभावित ठिकानों पर दबिश दी। इस दौरान संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए लगातार तलाशी और चेकिंग अभियान चलाया गया।
47 अपराध दर्ज, चाकूबाजी के मामलों में भी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान कुल 47 अपराध पंजीबद्ध किए गए। पुलिस ने चाकूबाजी जैसे गंभीर मामलों में भी त्वरित कार्रवाई करते हुए 3 अलग-अलग प्रकरणों में आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की।
पुलिस का कहना है कि चाकूबाजी और अन्य हिंसक घटनाओं पर नियंत्रण के लिए निगरानी और गश्त लगातार बढ़ाई जा रही है ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
टिकरापारा पुलिस रही सबसे सक्रिय
थाना टिकरापारा पुलिस ने अभियान के दौरान उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। पुलिस ने यहां 8 फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया और 24 स्थायी एवं गिरफ्तारी वारंटों की तामिली कराई। यह पश्चिम क्षेत्र के थाना क्षेत्रों में सर्वाधिक कार्रवाई मानी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने टिकरापारा टीम की तत्परता और प्रभावी कार्यशैली की सराहना की।
डी.डी. नगर में नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार
थाना डी.डी. नगर पुलिस ने अवैध नशे के कारोबार पर विशेष फोकस रखते हुए 13 कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई की। साथ ही 9 वारंटों का निष्पादन करते हुए फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से क्षेत्र में सक्रिय नशा नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।
आजाद चौक और पुरानी बस्ती में भी सख्ती
थाना आजाद चौक पुलिस ने गंभीर आपराधिक मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं थाना पुरानी बस्ती पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मादक पदार्थ से जुड़े मामले में आरोपी को पकड़कर अवैध नशे के कारोबार पर प्रभावी प्रहार किया।
इसके अलावा थाना मुजगहन सहित पश्चिम क्षेत्र के अन्य थाना क्षेत्रों में भी फरार आरोपियों की तलाश, वारंट निष्पादन, निगरानी बदमाशों की चेकिंग और असामाजिक तत्वों पर लगातार कार्रवाई की गई।
अपराध नियंत्रण के लिए अभियान रहेगा जारी
पश्चिम क्षेत्र पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। फरार एवं आदतन अपराधियों की धरपकड़, न्यायालयीन वारंटों का निष्पादन, नशे के कारोबार पर नियंत्रण और संगीन अपराधों पर कठोर कार्रवाई पुलिस की प्राथमिकता रहेगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने और नागरिकों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए हर स्तर पर प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

