गौवंश वध मामले में जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चार आरोपी गिरफ्तारहथियार, दो मोटरसाइकिल और टॉर्च जब्त; दो फरार आरोपियों की तलाश जारी

0
IMG-20260704-WA1008

रिपोर्टर ✒️ बसंत कुमार

जशपुर। थाना बागबहार क्षेत्र में गौवंश वध के मामले में जशपुर पुलिस ने त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए चार मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त हथियार, दो मोटरसाइकिल और एक टॉर्च जब्त की है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 30 जून 2026 को प्रार्थी खेमानिधि यादव, निवासी ग्राम बरखोरिया, थाना लैलूंगा, जिला रायगढ़ ने थाना बागबहार में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि चार संदिग्ध व्यक्ति दो मोटरसाइकिलों के साथ एक गौवंश को ग्राम बरखोरिया से मुडाबहला की ओर ले जा रहे थे। पूछताछ करने पर आरोपियों ने गौवंश को खरीदने की बात कही, लेकिन उनके व्यवहार पर संदेह होने के कारण ग्रामीणों ने उनकी तलाश शुरू की।

NTPC World Environment Day

तलाश के दौरान ग्राम हल्दीझरिया के समीप एक खेत के गड्ढे में गौवंश का वध किया हुआ धड़ बरामद हुआ। घटनास्थल का दृश्य बेहद संवेदनशील था, जहां गाय की खाल, सिर, चारों पैर, कान का बिल्ला, रस्सी, गोबर, रक्त के निशान तथा मांस काटने में प्रयुक्त लकड़ी का गुटका मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।

प्रार्थी की रिपोर्ट के आधार पर थाना बागबहार में अपराध क्रमांक 61/2026 दर्ज कर छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 5, 6 एवं 10 के तहत विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस टीम ने पशु चिकित्सा अधिकारी के साथ घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया तथा सभी महत्वपूर्ण साक्ष्यों को गवाहों की उपस्थिति में जब्त किया।

जांच के दौरान पुलिस ने मुख्य आरोपी अयजक एक्का को ग्राम बिरीमडेगा से हिरासत में लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों सुशील कुजूर, प्रमोद एक्का, अगस्तुस तिर्की तथा दो अन्य फरार आरोपियों के साथ मिलकर गौवंश वध करने की बात स्वीकार की। आरोपी के बयान के आधार पर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अन्य तीनों नामजद आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में अयजक एक्का (35 वर्ष) निवासी कर्राजोर डांडपानी, सुशील कुजूर (28 वर्ष) निवासी कर्राजोर डीपापारा, प्रमोद एक्का (30 वर्ष) निवासी कर्राजोर डांडपानी तथा अगस्तुस तिर्की (34 वर्ष) निवासी कर्राजोर डांडपानी, थाना बागबहार शामिल हैं।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बागबहार निरीक्षक अशोक कुमार पांडे, पीएसआई मोहन मरकाम, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र सोनमानी, लव चौहान, आरक्षक अनिल चौहान एवं पवन पैंकरा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस टीम की तत्परता और समन्वित कार्रवाई के चलते मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।

मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि बागबहार क्षेत्र में गौवंश वध की सूचना मिलते ही पुलिस ने गंभीरता से कार्रवाई की। उन्होंने कहा कि चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि प्रकरण से जुड़े दो अन्य फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में कानून व्यवस्था भंग करने तथा अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Advertisement Carousel

Latest News

error: Content is protected !!