हजरत लगन शाह बाबा के उर्स पर उमड़ी अकीदतमंदों की भीड़, कांग्रेस नेताओं ने की जियारत अमन-चैन, भाईचारे और तरक्की के लिए मांगी दुआ, उर्स बना गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल
रायपुर। सूफी संत हजरत लगन शाह बाबा के पावन उर्स के अवसर पर हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी आरंग से लगभग 10 किलोमीटर दूर ग्राम बनचरौदा में एक दिवसीय उर्स मेले का भव्य आयोजन किया गया। उर्स के मौके पर हजरत सय्यद लगन शाह दरगाह परिसर में सुबह से ही अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जहां श्रद्धालुओं ने बाबा की दरगाह पर हाजिरी लगाकर दुआएं मांगीं।
उर्स के इस पावन अवसर पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शेख शकील एवं डॉ. नेहाल खान अपने सहयोगियों के साथ दरगाह पहुंचे। उन्होंने बाबा की मजार पर चादर और अकीदत के फूल पेश कर जियारत की तथा प्रदेश और देश में अमन-चैन, भाईचारा, खुशहाली और तरक्की के लिए विशेष दुआ मांगी।

नेताओं ने कहा कि सूफी संतों की शिक्षाएं प्रेम, मानवता और सामाजिक एकता का संदेश देती हैं। ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और लोगों के बीच आपसी सौहार्द को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने उर्स को सामाजिक समरसता और सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक बताया।

उर्स के दौरान दरगाह परिसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए कुरआनखानी, फातिहा, तकरीर, कव्वाली, चादरपोशी और लंगर जैसे कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कव्वाली की सूफियाना महफिल ने माहौल को पूरी तरह रूहानी बना दिया, जहां अकीदतमंद देर रात तक इबादत और इश्क-ए-इलाही में डूबे नजर आए।
देश के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे जायरीन ने बाबा की दरगाह पर हाजिरी देकर अपनी मन्नतें मांगीं। बड़ी संख्या में विभिन्न धर्मों के लोगों की मौजूदगी ने इस आयोजन को सांप्रदायिक सौहार्द और भाईचारे की अनूठी मिसाल बना दिया।

इस अवसर पर दरगाह कमेटी के सदर नासिर खान, फैयाज अहमद, जाहिद भाई एवं अन्य पदाधिकारियों ने आगंतुक अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने उर्स को शांतिपूर्ण और सफल बनाने में प्रशासन, स्वयंसेवकों तथा स्थानीय नागरिकों के सहयोग की सराहना करते हुए सभी श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
उर्स का यह आयोजन एक बार फिर साबित कर गया कि धार्मिक आस्था के ऐसे पर्व समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता की भावना को मजबूत करते हैं। हजरत लगन शाह बाबा का उर्स धार्मिक श्रद्धा, सामाजिक सद्भाव और गंगा-जमुनी तहजीब की जीवंत मिसाल बनकर संपन्न हुआ।
इस अवसर पर मोहम्मद नासिर, बबला खान, हुमायूं खान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

The News Related To The News Engaged In The www.apnachhattisgarh.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

